ग्रेटर नोएडा में ग्रेनो वेस्ट के सेंचुरियन पार्क टेरेस होम सोसायटी की एक महिला का गार्ड के साथ गाली-गलौज करते हुए वीडियो वायरल हुआ है। इस दौरान महिला सोसायटी के गार्ड को भद्दी-भद्दी गालियां दे रही है। साथ ही महिला ने गार्ड को हाथ-पैर भी मारे। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सेंचुरियन पार्क टेरेस होम सोसाइटी में खाना डिलीवरी को लेकर महिला और सुरक्षा गार्ड के बीच विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। करीब पांच मिनट के वीडियो में महिला गार्ड से जमकर गाली-गलौज करती नजर आ रही है।
विज्ञापन
आरोप है कि महिला ने गार्ड को धमकाने के साथ ही उसके साथ हाथापाई की और पैर मारने की कोशिश भी की। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने नोएडा पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की। पुलिस की ओर से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
विज्ञापन
वायरल वीडियो में सोसाइटी के गेट पर एक महिला और सुरक्षा गार्ड के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है। महिला तेज आवाज में गार्ड को लगातार अपशब्द कहती नजर आती है। वह गार्ड को अपने फ्लैट का नंबर भी बताती है और उससे दूर रहने की बात कहती है। वीडियो में महिला कथित तौर पर गार्ड को जान से मारने की धमकी देते हुए भी नजर आती है।
गार्ड को चप्पल मारने की धमकी
वीडियो में महिला गार्ड से कहती नजर आ रही है कि वह उसे मार देगी और पुलिस के अधिकारियों को बुलाने की धमकी देती है। महिला कथित तौर पर गार्ड को उसकी औकात में रहने और गरीब की औलाद जैसे आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली देती है। महिला कहती है कि तेरी कोई औकात नहीं है मेरे आगे, तुझसे जूता साफ कराऊंगी।
वह गार्ड को दोबारा पंगा लेने पर परिणाम भुगतने की धमकी भी देती नजर आती है। इसी दौरान महिला गार्ड पर हाथ चलाती है और पैर मारने के अंदाज में आगे बढ़ती दिखाई देती है। महिला की इस हरकत का कोई व्यक्ति वीडियो बना रहा था।
वीडियो बनाने वाले व्यक्ति की ओर से लगातार रिकॉर्डिंग किए जाने के बावजूद महिला बिना रुके गार्ड से विवाद करती रही। वीडियो में वह पुलिस को बुलाने की बात भी कहती सुनाई देती है। इस दौरान मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने स्थिति को संभालने की कोशिश की या नहीं, यह वीडियो से पूरी तरह स्पष्ट नहीं है।
ऑनलाइन खाना मंगाने पर शुरू हुआ विवाद
मामले को लेकर पुलिस की ओर से सोशल मीडिया पर दिए गए जवाब के अनुसार घटना 26 अगस्त 2026 की रात थाना बिसरख क्षेत्र की सेंचुरियन टेरेस होम सोसाइटी में हुई। पुलिस के मुताबिक महिला ने ऑनलाइन खाना ऑर्डर किया था। खाना लेकर डिलीवरी ब्वॉय सोसाइटी में पहुंचा तो गार्ड ने उसे रोक दिया। इसी बात को लेकर महिला नाराज हो गई और उसने सोसाइटी के गेट पर हंगामा किया।
पुलिस के एक्स हैंडल से दिए गए जवाब में बताया गया कि डिलीवरी ब्वॉय को खाना लेकर अंदर आने से रोके जाने को लेकर महिला ने आपत्ति जताई थी। इसके बाद विवाद बढ़ गया। पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए कहा कि स्थानीय पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर कार्रवाई की मांग की है।