चरखी दादरी। ठंड का मौसम शुरू होते ही बाजारों में गर्माहट पहले से ही चरम पर दिखने लगी है। रविवार को शहर के बाजारों में सुबह से लेकर शाम तक लोगों ने सर्दी से बचाव के लिए जरूरी सामान की खरीदारी की। इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरणों से लेकर गर्म कपड़ों तक हर दुकान, स्टॉल पर लोगों की भीड़ नजर आई, जिससे दुकानदारों के चेहरे भी खिले दिखे।
एयर हीटर, रूम हीटर, ब्लोअर की बढ़ी मांग
सबसे ज्यादा भीड़ इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकानों पर देखने को मिली, जहां एयर हीटर, रूम हीटर और ब्लोअर की मांग में ज्यादा रही। दुकानदार विनय बंसल, सुरेश, मनोज आदि का कहना है कि पिछले 4-5 दिनों में हीटर की बिक्री में 40 से 50 प्रतिशत तक का इजाफा हुआ है। कई मॉडल तो स्टॉक से बाहर होने लगे हैं और दुकानदारों को नए ऑर्डर देने पड़े हैं।
कंबल, स्वेटर, शॉल, जैकेट की खरीद बढ़ी
कपड़ों की मार्केट में भी लोगों का उत्साह चरम पर है। कंबल, स्वेटर, शॉल, जैकेट और ऊनी कोट की बिक्री में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। महिलाएं और बुजुर्ग गर्म कपड़ों की खरीद को लेकर विशेष रूप से सक्रिय नजर आए। बच्चों के लिए ऊनी सेट, टोपी, दस्ताने और मफलर की मांग भी तेजी से बढ़ी है। दुकानदारों के अनुसार ठंड का यह शुरुआती दौर है और आगे बिक्री और तेजी पकड़ सकती है।
गर्म खाद्य पदार्थों का उठा रहे लुत्फ
खास बात ये भी है कि गर्म खाद्य पदार्थों की दुकानों पर पूरे दिन भीड़ का माहौल बना रहता है। शहर में समोसा, कचौड़ी, पकौड़े, सूप, जलेबी जैसे खाद्य पदार्थों की बिक्री में भी उछाल आया है। लोग शाम होते ही चाय-नाश्ते की दुकानों पर उमड़ पड़ते हैं।