नोएडा। कोतवाली सेक्टर-24 में एक युवक ने अपनी पत्नी के खिलाफ शिकायत दी है। आरोप लगाया है कि पत्नी फेसबुक पर फर्जी अकाउंट बनाकर उस पर गलत संदेश पोस्ट कर बदनाम कर रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि सेक्टर-12 में परिवार के साथ रहने वाले युवक का कुछ दिन पहले अपनी पत्नी से विवाद हो गया था। फिलहाल दोनों अलग-अलग रह रहे हैं। बुधवार को युवक ने कोतवाली में अपनी पत्नी के खिलाफ तहरीर दी है। युवक का कहना है कि पत्नी ने उसके नाम से फेसबुक पर फर्जी अकाउंट बनाया है। अकाउंट पर भ्रामक पोस्ट कर उसकी और परिवार की छवि को धूमिल कर रही है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते आरोपी महिला को बयान देने के लिए कोतवाली बुलाया है। एसीपी रजनीश कुमार वर्मा का कहना है कि यदि आरोप साबित होते हैं तो महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
दोस्त पर ईमेल आईडी हैक करने का आरोप
कोतवाली सेक्टर-24 क्षेत्र निवासी एक युवती ने अपने दोस्त पर ईमेल आईडी हैक करने का आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि ईमेल से उसकी निजी जानकारी हासिल कर उनका दुरुपयोग किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि महिला और युवक पहले गहरे दोस्त थे। किसी बात पर दोनों में विवाद हो गया था। युवती द्वारा लगाए जा रहे आरोपों की जांच की जा रही है।