गाजियाबाद। तलाक होने से पहले पति ने पत्नी का उनकी बिना अनुमति के बायोडाटा मैट्रिमोनियल साइट पर अपलोड कर दिया। इससे नाराज पत्नी ने पति सहित ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ मधुबन बापूधाम थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मोरटा की आंचल अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि उनकी शादी 19 अप्रैल 2018 को दिल्ली शाहदरा के आशीष गुप्ता के साथ हुई थी। पति सहित ससुर, सास, जेठ, जेठानी और नंद शादी में दिए गए दहेज से संतुष्ट नहीं थे। दहेज की मांग की जा रही थी। अगस्त 2022 में ससुराल वालों ने उन पर व उनके भाई पर जानलेवा हमला किया। उनके भाई ने उस दौरान भी मधुबन बापूधाम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पति से उनका तलाक नहीं हुआ है। तलाक का मुकदमा कड़कड़डूमा कोर्ट दिल्ली में चल रहा है। तलाक होने से पहले ही उनके व उनके परिवार की सहमति के बिना पति ने मैट्रिमोनियल साइट्स व फेसबुक पर शादी के लिए उनका बायोडाटा अपलोड कर दिया। बायोडाटा में उनका फोटो व उनके परिवार का मोबाइल नंबर डाल दिया। बायोडाटा से नंबर लेकर लोग उन्हें फोन करके परेशान कर रहे हैं। इससे उनके परिवार को सदमा पहुंचा है। वह मानसिक रूप से परेशान हैं। पीड़िता एक अगस्त 2025 को मुख्यमंत्री जन सुनवाई पोर्टल पर इसकी शिकायत दर्ज कराई थी। एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि पति आशीष गुप्ता, सास गीता गुप्ता, ससुर किशन कुमार गुप्ता, जेठ विनय गुप्ता, जेठानी प्रियंका गुप्ता और नंद श्वेता गुप्ता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।