पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। अमर उजाला
नोएडा। पुरानी स्कूटी की माइलेज कम हुई तो काम पर जाने के लिए दो भाइयों ने एक कंपनी कर्मचारी से मतदान के दिन 10 फरवरी को दिनदहाड़े बाइक लूट ली। दोनों ने लाइटर वाली पिस्टल दिखाकर वीवी गिरि इंस्टीट्यूट वारदात अंजाम दी थी। इसके बाद बाइक पर सवार होकर एक व्यक्ति से मोबाइल भी लूट लिया। कोतवाली सेक्टर-24 पुलिस ने दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दोनों को बुधवार कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
डीसीपी हरीश चंदर ने बताया कि दोनों भाइयों ने महेश पांडेय से बाइक लूटी थी। एसीपी रजनीश वर्मा के निर्देशन में कोतवाली सेक्टर-24 पुलिस ने मंगलवार देर शाम गिझौड़ चौराहे के पास से अल्मोड़ा निवासी गौरव दत्त जोशी और विनीत दत्त जोशी को गिरफ्तार कर लिया। गौरव बीएससी पास है। नरेला, दिल्ली निवासी माता-पिता का वर्ष 2014 में तलाक हो गया था। इसके बाद दोनों भाई गलत संगत में पड़ गए। वर्ष 2015 से दोनों लूटपाट व चोरी करने लगे। जब दिल्ली में दोनों पर 15 से अधिक मुकदमे दर्ज हो गए तो नोएडा के नयाबांस में रहने लगे। कुछ माह से दोनों इंदिरापुरम में सिक्योरिटी गार्ड थे और मामा की स्कूटी से काम पर आते जाते थे। कुछ दिन पहले दोनों की स्कूटी खराब हो गई और कम माइलेज देने लगी। इस पर दोनों ने बाइक लूटने की साजिश रची। मतदान के दिन सुबह इंदिरापुरम से दोनों स्कूटी से घर लौट रहे थे, तभी सेक्टर-12 में महेश को अकेला देखकर बाइक लूट ली थी।
250 से अधिक सीसीटीवी खंगाले
एसीपी रजनीश वर्मा ने बताया कि बाइक लूट की जांच के लिए तीन टीमें गठित की गई थीं। घटनास्थल व आसपास रूट मैप बनाकर जांच की गई और 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। सबसे पहले इन बदमाशों की सिक्योरिटी कंपनी की जैकेट दिखी और कई अन्य जानकारियां मिलीं। इसके बाद पुलिस ने दोनों की पहचान कर पकड़ लिया। लूट की बाइक से ही दोनों ने इंदिरापुरम में एक मोबाइल भी लूटा था। अगले दिन स्कूटी मैकेनिक देकर लूट की बाइक की नंबर प्लेट बदल दी थी। गिरफ्तार आरोपियों ने गलत पते व जानकारी देकर सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी की थी और प्रगति मैदान से 250 रुपये में लाइटर वाली पिस्टल खरीदी थी।