पति और बैंककर्मियों पर फर्जी हस्ताक्षर से लोन टॉपअप कराने का आरोप, केस दर्ज
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। मूलरूप से इटावा की रहने वाली महिला ने पति और बैंककर्मियों पर 41 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। उसकी शिकायत पर कोतवाली सेक्टर-63 में एफआईआर दर्ज हुई है। पीड़िता ने बताया कि करीब तीन साल से वह पति से अलग रह रही है। कोर्ट में उसने तलाक का केस किया है। उसने कहा कि पति ने बैंककर्मियों के साथ मिलकर उनके फर्जी हस्ताक्षर पर दिल्ली की संपत्ति पर लोन ले लिया है। कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। महिला ने बताया कि पति से उसका तलाक का केस चल रहा है।
पीड़ित कृष्णा सिंह का आरोप है कि उनकी शादी 2008 में गाजियाबाद के कुलभूषण सिंह से हुई थी। वह सात जून 2022 से अलग रह रही हैं। दोनों के बीच तलाक का मुकदमा कोर्ट में चल रहा है। पीड़िता ने कहा कि पति शादी के बाद उन्हें प्रताड़ित करता था। उन्होंने मायके की मदद से दिल्ली के मयूर विहार फेज-तीन स्थित कोंडली में फ्लैट खरीदने के लिए संयुक्त रूप से 2017 में आईडीबीआई बैंक से 42 लाख रुपये का लोन लिया गया था। जून 2022 में लोन के 12 लाख 70 हजार रुपये के लगभग बचे थे। महिला को अब बैंक से पता चला कि उनकी संपत्ति पर 41 लाख रुपये का टॉपअप लोन सेक्टर-63 स्थित आईडीबीआई बैंक से करा लिया गया। जब बैंक की शाखा में जानकारी की तो शाखा प्रबंधक ने उनके पति की साजिश होने के कारण कोई जानकारी नहीं दी और बैंक से भगा दिया। लगातार कोशिश करने पर पीड़िता को पता चला कि उनके पति ने साजिश के तहत बैंक कर्मचारियों से साथ मिलकर फर्जी हस्ताक्षर करके पीड़िता के नाम पर 41 लाख रुपये का टॉपअप लोन लिया। इस मामले में कोतवाली सेक्टर-63 पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।