राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत दिल्ली सरकार से मिली सहायता
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
दिल्ली सरकार की ओर से शनिवार को 160 बुजुर्गों को व्हीलचेयर, वॉकर, व्हील बेयर कमोड, कान की मशीन, चश्मा, सिलिकॉन फोम तकिया, स्पाइनल सपोर्ट बेल्ट, नी प्रेस, सर्वाइकल कॉलर और जरूरी मेडिकल किट दी गई। सरकार ने राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत ये सहायता पहुंचाई।
समाज कल्याण मंत्री रविन्द्र इंद्राज सिंह ने बवाना के कुतुबगढ़ में सहायक उपकरण वितरित किए। मंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार पीएम नरेंद्र मोदी के अंत्योदय के संकल्प को पूरा कर रही है। बुजुर्गों को अच्छी क्वालिटी के करीब 13 लाख रुपये के उपकरण दिए हैं। बुजुर्गों को 8 माह में पिछली सरकार के 5 साल के मुकाबले अधिक सहायक उपकरण दिए गए हैं। उन्होंने वीरांगना झलकारी बाई कोली को याद किया और कहा कि दिल्ली सरकार समाज की महान विभूतियों, वीरांगनाओं और शहीदों को उचित सम्मान दे रही है। दिल्लीवासियों से उन्होंने अपील की कि यदि किसी बुजुर्ग को घर में या पड़ोस में सहायक उपकरण की जरूरत है तो उन्हें सूचित करें। दिल्ली सरकार सभी को सहायता देगी।