संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर। पनग्रेन के गोदाम में गेहूं के बैग खुर्द-बुर्द कर दिए गए हैं। इससे सरकार को करीब चार करोड़ 34 लाख 18 हजार रुपये का चूना लगने की संभावना है। पनग्रेन के गोदाम की जांच करने पर गेहूं के करीब 35809 बैग गायब मिले हैं। थाना सदर जीरा पुलिस ने इस मामले में पनग्रेन के आरोपी इंस्पेक्टर योगराज के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डीएफसी जतिन वर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि सूचना मिलने पर गांव सेखवां से गांव सोढ़े वाला रोड के बीच स्थित पनग्रेन के गोदाम की चेकिंग की गई। गोदाम में से 35809 गेहूं के बैग गायब मिले। एक बैग में पचास किलो गेहूं होता है। ये 17,904 क्विंटल के करीब वजन बनता है। सरकारी दाम करीब 2425 रुपये है। इससे सरकार को चार करोड़ 34 लाख 18 हजार 412 रुपये के करीब चूना लगाया गया है। इस संबंधी एसएसपी फिरोजपुर को शिकायत दी गई।
इस मामले में पहले ही विभागीय जांच चल रही है और गेहूं के बैग गोदाम से खुर्द बुर्द होने के मामले में संबंधित विभाग के और अधिकारियों और इंस्पेक्टरों पर गाज गिरने की संभावना है। डीएफसी जतिन वर्मा ने कहा कि पनग्रेन के सभी गोदामों की चेकिंग की जा रही है। थाना सदर जीरा के अंतर्गत पनग्रेन के गोदाम में से 35809 गेहूं के बैग गायब मिले हैं। थाना कुलगढ़ी के अंतर्गत पनग्रेन का दूसरा गोदाम भी है, उसमें भी चेकिंग चल रही है। वहां से बैग गेहूं के कम मिल रहे हैं। इसकी जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद इस संबंधी पुलिस को शिकायत देकर आरोपी इंस्पेक्टरों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।