-बोरों में भरने के बाद भी सहकारी केंद्रों पर खुले में रखे हुए हैं गेहूं, बारिश हुई तो होंगे खराब
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। यमुना सिटी में बनाए गए गेहूं खरीद सेंटरों पर कट्टों की कमी लगातार बनी हुई है। जिसके कारण खरीदे हुए गेहूं का उठान नहीं हो पा रहा है और खुले में रखे होने के कारण फसल खराब होने की पूरी आशंका बनी हुई है। जेवर में बने क्रय केंद्रों और सहकारी समितियों में लगातार यही हाल बना हुआ है। बेमौसम हो रही बरसात पहले ही फसलों को काफी नुकसान पहुंचा चुकी है। वहीं अब गेहूं खरीद के समय भी मौसम में बदलाव और बारिश की आशंका किसानों के लिए परेशानी बन गई है।
खुले में रखे हुए हैं बोरे में पैक गेहूं
कट्टों की कमी के कारण गेहूं का उठान नहीं हो पा रहा है। वहीं जो गेहूं कट्टों में पैक किया जा चुका है, उसका भी उठान नहीं किया जा रहा है। जेवर के नीमका गांव स्थित सहकारी समिति के बाहर शनिवार को भारी मात्रा में बोरे में भरे हुए गेहूं रखे थे। बीते दिनों बारिश में भीगने के कारण गेहूं नीचे से अंकुरित भी होने लगे थे। इन्हें ढकने के लिए भी कोई व्यवस्था नहीं थी।
किसानों का लगातार हो रहा है नुकसान
भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के किसान नेता पवन चौरोली ने बताया कि क्रय केंद्रों पर गेहूं खुले में रखा हुआ है। जो गेहूं कट्टों में भर दिया गया है, उसका भी उठान नहीं किया जा रहा है।