कानपुर। जाजमऊ थानाक्षेत्र के डिफेंस कालोनी में बंद घर में चोरों हो गई। घर में लाइट जलती देख पड़ोसियों ने पीड़ित को सूचना दी। सूचना पाकर पहुँची पुलिस ने जांच पड़ताल की। घटना के दौरान पीड़ित अपने बड़े बेटे के पास कनाडा गए थे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
डिफेंस कालोनी निवासी इरशाद ने बताया कि उनके पड़ोसी अतीक बोहरा एक निजी अस्पताल का संचालन कर देखरेख करते हैं। वह कुछ दिन पहले ही अपने बड़े बेटे शाकिब के पास कनाडा गए हुए थे। जबकि इससे पहले छोटे बेटे बिलाल के पास नोएडा में थे। इरशाद के मुताबिक रविवार रात उनके घर की लाइट जलती देखी। इस पर उन्होंने पड़ोसी अतीक को फोन कर घर आने की बात पूछी। उनके इंकार करने पर किसी अनहोनी की आशंका पर उन्होंने अपने किसी रिश्तेदार को घर भेजने के साथ पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर जाजमऊ पुलिस मौके पर पहुँची। जहां पुलिस को मुख्य गेट के पास लोहे की ग्रिल टूटी मिली। माना जा रहा है कि घर का मुख्य गेट फांदकर कुछ चोर घर के अंदर दाखिल हुए। इसके बाद लोहे की ग्रिल तोड़कर कमरों में पहुंचे और चोरी की घटना को अंजाम दिया। थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में कुछ संदिग्ध कैद हुए है। मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित के शहर आने के बाद ही चोरी के नुकसान का सही आंकलन हो सकेगा।