-वेयरहाउस, शोरूम, होटल और पीजी से बढ़ा ट्रैफिक, पार्किंग और सुरक्षा का संकट बरकरार
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शहर के रिहायशी सेक्टरों में मकानों से लेकर बेसमेंट तक व्यावसायिक गतिविधियां बढ़ती जा रही हैं। कहीं वेयरहाउस और शोरूम चल रहे हैं तो कहीं होटल, स्कूल और पीजी संचालित हो रहे हैं। सेक्टर-51, 71, 12-22 और 27 के आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों का आरोप है कि प्राधिकरण से कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि कई मामलों में तीन से चार नोटिस जारी होने के बाद भी गतिविधियां बंद नहीं हुई हैं। इससे सेक्टरों में ट्रैफिक, पार्किंग और बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ रही है।
गोदामों में पहुंच रहे ट्रक-टेंपोः सेक्टर-51 के आरडब्ल्यूए महासचिव संजीव कुमार ने बताया कि रिहायशी इलाके में व्यावसायिक गतिविधियां प्रतिबंधित हैं, इसके बावजूद बड़े गोदाम बनाए जा रहे हैं। इनमें सामान रखने के लिए ट्रक और टेंपो पहुंचते हैं। इससे सेक्टर की आंतरिक सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है। कई मकानों का इस्तेमाल भी व्यावसायिक गतिविधियों और गोदाम के रूप में किया जा रहा है।
गेट नहीं होने से बढ़ा आवागमनः सेक्टर-12 के पोरवा अध्यक्ष डॉ. तरसेम चंद ने बताया कि सेक्टर पुराना है और यहां प्रवेश व निकास द्वार पर गेट नहीं हैं। दूसरे गंतव्य तक जाने के लिए लोग सेक्टर की सड़कों का इस्तेमाल करते हैं। आवागमन बढ़ने के साथ लोगों ने घरों में दुकान और शोरूम खोल लिए हैं। रेहड़ी-पटरी की संख्या भी बढ़ी है, जिससे जाम की समस्या बनी रहती है।
लाइब्रेरी की क्षमता पर भी सवालः सेक्टर-52 में बन रही लाइब्रेरी को लेकर भी निवासियों ने आपत्ति जताई है। आरडब्ल्यूए ने मुख्यमंत्री पोर्टल और नोएडा प्राधिकरण के सीईओ से शिकायत की है। निवासियों का कहना है कि लाइब्रेरी की क्षमता अधिक होने से आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना है। इससे सेक्टर में ट्रैफिक और पार्किंग का दबाव बढ़ सकता है।
पीजी और होटल भी बने परेशानीः सेक्टर-71 ग्रीन एवेन्यू के बोर्ड मेंबर सुनीव वाधवा ने बताया कि रिहायशी इलाके में अनधिकृत रूप से पीजी और बड़े होटल संचालित हो रहे हैं। इससे बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ने के साथ पार्किंग और अन्य समस्याएं बढ़ रही हैं। सेक्टर-52 के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष केपी सिंह ने भी व्यावसायिक गतिविधियों से जाम और पार्किंग की समस्या बढ़ने की बात कही।
-
हमारे सेक्टर में रिहायशी प्लॉट पर अब गोदाम तक संचालित हो रहे हैं। इसके चलते रोजाना ट्रक और ट्रैक्टर सेक्टर में आ रहे हैं। -संजीव कुमार, आरडब्ल्यूए महासचिव, सेक्टर-51
हमारे सेक्टर में प्रवेश और निकास द्वार पर कोई गेट नहीं है। अब लोगों ने धीरे-धीरे पीजी, शोरूम और दुकानें खोल ली हैं, जिससे जाम लगता है। -डॉ. तरसेम चंद, पोरवा अध्यक्ष, सेक्टर-12
हमारे सेक्टर में व्यावसायिक गतिविधियां बढ़ रही हैं, जिसके चलते जाम और पार्किंग की समस्या बढ़ रही है। -केपी सिंह, आरडब्ल्यूए अध्यक्ष, सेक्टर-52
हमारे सेक्टर में अनधिकृत रूप से पीजी और बड़े-बड़े होटल चल रहे हैं। इससे बाहरी लोगों का आवागमन बढ़ गया है। -सुनीव वाधवा, बोर्ड मेंबर, सेक्टर-71 ग्रीन एवेन्यू
संजीव कुमार
संजीव कुमार
संजीव कुमार