पुन्हाना। शहर के पुन्हाना-जमालगढ़ रोड पर दुकान के सामने और सड़क पर गंदा पानी भरने की शिकायत कुछ दिनों पहले दुकानदारों ने की थी। आरोप है कि नगरपालिका पुन्हाना द्वारा सीवर की सफाई करने की बजाए दुकानों के सामने सीवर खोदकर सड़क पर जा रहे पानी को रोक दिया लेकिन दुकानदारों की समस्या को और बढ़ा दिया। दुकानों के सामने गड्ढा होने की वजह से ग्राहकों को दुकानों में पहुंचने में दिक्कत हो रही है। जमालगढ़ रोड पर मोबाइल की दुकान चलाने वाले तौफीक ने बताया कि दुकान के सामने से गुजर रही सीवर लाइन करीब पांच साल से बंद है। इसकी वजह से गलियों का गंदा पानी सड़क और दुकानों के सामने भर जाता है।
इस वजह से सभी को परेशानी होती है। सड़क पर कीचड़ होने की वजह से अक्सर बाइक सवार यहां गिरकर घायल हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि इस समस्या को दुकानदारों ने मीडिया के माध्यम से उठाया था, लेकिन खबर छपने के बाद सीवर को खोलने की बजाए उनकी दुकान के सामने सीवर के नाले को खोदकर नालियों के गंदे पानी को उसमें डाल दिया गया। इस वजह से गंदा पानी सड़क पर जाने से तो रुक गया लेकिन उनकी दुकानों के सामने गड्ढा हो गया। वहीं इस बारे में पुन्हाना नगरपालिका की चेयरपर्सन रूबीना का का कहना है कि फिलहाल नालियों का पानी सड़क पर न जाए इस वजह से सीवर में डाला गया है। जल्द ही सीवर को साफ कराकर इस समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।