फिरोजपुर झिरका। बारिश से शहर के सोमनाथ मार्ग पर पानी भरा गया है, जिससे दुकानदारों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसका मुख्य कारण नालों के पानी का निकासी नहीं होना है। दुकानों के आगे पानी भर गया है। इस कारण ग्राहकों को सामान लेने में भी दिक्कतें हो रही हैं। नगर पालिका प्रशासन और जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा पानी निकासी का प्रबंध नहीं किए जाने से शहर के लोगों में भारी रोष है।
नगर पालिका के पूर्व प्रधान जय सिंह सैनी, किराना यूनियन के प्रधान पंकज जैन, हजारी लाल जैन, पंकज कुमार, टिंकू मास्टर, अरविंद कुमार, मनोहर आदि का कहना है कि हल्की सी बारिश में ही सोमनाथ मार्ग पर पानी भर गया है। दुकानदारों का कहना है कि नालों के पानी की निकासी नहीं होने के कारण सड़कों पर जलभराव हो जाता है। इस कारण दुकानदारों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नगरपालिका के अधिकारियों और उपमंडल अधिकारी नागरिक से शिकायत करने के बावजूद भी अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया है। वहीं इस बारे में नगर पालिका सचिव सुनील रंगा का कहना है कि शहर में नालों की सफाई दो बार करा दी गई है। शहर के सीवर लाइन ब्लॉक हो गए हैं। इस कारण सीवर का पानी नालों में वापस आ रहा है। फिर भी नगर पालिका द्वारा जनरेटर के माध्यम से नालों का पानी निकलवाया जा रहा है। जल्द ही इस समस्या का कोई ठोस समाधान निकाला जाएगा।