नलों में नहीं आ रहा पर्याप्त पानी, टंकियां खाली, शिकायतों के बाद भी सुनवाई नहीं होने का आरोप
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। गंगाजल की आपूर्ति बंद होने के बाद शहर के सेक्टर 52, 71 और 12 में जलसंकट गहरा गया है। कहीं तीन दिन से तो कहीं एक सप्ताह से लोग पानी की किल्लत झेल रहे हैं। नलों में पानी नहीं आ रहा और जहां आपूर्ति हो भी रही है, वहां बेहद कम दबाव के कारण घरों की टंकियां नहीं भर पा रही हैं।
सेक्टर-71 निवासी सुशील यादव ने बताया कि मजबूरी में निवासियों को टैंकरों से पानी खरीदना पड़ रहा है, जिस पर हजारों रुपये खर्च हो रहे हैं। लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद प्राधिकरण के अधिकारी समस्या का समाधान नहीं कर रहे हैं। कई बार फोन करने पर अधिकारियों के नंबर स्विच ऑफ मिल रहे हैं। सेक्टर 52 निवासी रामवीर सिंह ने बताया कि पिछले तीन दिन से पानी की आपूर्ति बेहद कम हो रही है। गंगाजल की सप्लाई बंद होते ही सेक्टर में संकट बढ़ जाता है। वहीं, सेक्टर 71 के बी ब्लॉक में निवासी सुबह से पानी की बूंद-बूंद के लिए तरसते रहे। शिव शक्ति अपार्टमेंट के महासचिव संजय शुक्ला के अनुसार, पानी का दबाव इतना कम है कि ऊपरी मंजिलों पर बनी टंकियां तक नहीं भर पा रही हैं। सेक्टर 12 में भी पिछले एक सप्ताह से जलापूर्ति प्रभावित है। पोरवा के अध्यक्ष डॉ. तरसेम चंद ने बताया कि घनी आबादी वाले सेक्टर में पानी केवल करीब एक घंटे आता है और दबाव बेहद कम रहता है। उन्होंने कहा कि नोएडा प्राधिकरण से भूमिगत जलाशय बनाने की मांग की है। निवासियों ने जल एवं सीवर विभाग के महाप्रबंधक आरपी सिंह और प्राधिकरण के अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर फिलहाल वैकल्पिक समाधान निकालने की मांग की है।