ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट की सुपरटेक ईकोविलेज-1 सोसाइटी के बेसमेंट में पानी भरने से डूबी गाड़ियों का मामला अब गरमा गया है। निवासियों और आईआरपी के बीच सोशल मीडिया पर तीखी बहस छिड़ गई है। निवासियों ने एक्स पर पोस्ट कर आईआरपी हितेश गोयल के आलीशान घर खरीदने और उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं देने का आरोप लगाया है। जवाब में आईआरपी ने निवासी व नेफोवा के अध्यक्ष पर एफआईआर कराने की चेतावनी दी है।
इसके बाद नेफोवा और अन्य निवासियों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट की बारिश कर दी। नेफोवा की तरफ से ईडी को ट्वीट कर मांग की गई है कि आईआरपी की जांच होनी चाहिए। सीबीआई को भी टैग किया गया है। आरोप है कि कोर्ट के निर्देश के बावजूद निवासियों को कोई सुविधा नहीं मिल रही है। दरअसल, सुपरटेक बिल्डर के जेल जाने के बाद निवासियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए कोर्ट ने आईआरपी नियुक्त किया था।
निवासियों का आरोप है कि आईआरपी उनकी समस्या का समाधान करने में सफल साबित नहीं हुए। बेसमेंट में पानी भरने से गाड़ियां डूब गईं। गाड़ियों के इंजन सीज हो गए। कार मालिक को कंपनी ने 2 लाख का खर्चा बताया है। यह कौन देगा? नेफोवा के सदस्यों ने आईआरपी की एफआईआर वाली प्रतिक्रिया के बाद कहा है कि इसका मतलब है कि तीर सही निशाने पर लगा है। ब्यूरो