स्पेशल पिकेट के अलावा बॉर्डर पर बैरिकेडिंग, ड्रोन से रखी जा रही नजर
लोकल पुलिस के अलावा अतिरिक्त सुरक्षा बलों को किया गया तैनात
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में शुक्रवार को गाजियाबाद और नोएडा में भी मतदान होगा। ऐसे में दिल्ली-यूपी की तमाम सीमाओं को बृहस्पतिवार शाम से ही छावनी में तब्दील कर दिया गया। बॉर्डर पर बैरिकेडिंग करने के अलावा संवदेनशील इलाकों में दिल्ली पुलिस ने फ्लैग मार्च किया। साथ ही, ड्रोन से भी नजर रखी जा रही है।
दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि वे यूपी पुलिस के संपर्क में हैं। समन्वय समिति की बैठक के बाद दिल्ली पुलिस अपनी ओर से तमाम इंतजाम कर रही है। बॉर्डर पर वाहनों की गहन तलाशी की जा रही है।
स्थानीय पुलिस के अलावा अर्द्धसैनिक बल को बॉर्डर पर तैनात किया गया है। दोपहर बाद से दिल्ली-यूपी की सभी सीमाओं को छावनी में तब्दील कर दिया गया। उत्तर-पूर्वी जिला, शाहदरा और पूर्वी जिला के तमाम वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों के साथ बैठक कर सतर्कता बरतने के लिए कहा। इसके अलावा सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने इलाके के संदिग्ध और घोषित बदमाशों पर नजर रखने के आदेश दिए। भोपुरा बॉर्डर, अप्सरा बॉर्डर, आनंद विहार, गाजीपुर-दिल्ली गेट, खोड़ा कॉलोनी, चिल्ला, खजूरी-पुश्ता व लोनी बॉर्डर पर चौकसी बढ़ा दी गई है। यहां स्पेशल पिकेट के अलावा नाइट पिकेट लगाने के आदेश दिए गए हैं। शुक्रवार को अलग-अलग एरिया में ड्रोन से भी निगरानी के आदेश दिए गए हैं। शुक्रवार को मतदान खत्म होने तक इसी तरह के इंतजाम रहेंगे।