एक्यूआई 76 दर्ज, पर्यावरण मंत्री ने कहा- जमीन पर हो रहे समन्वित कार्याें का परिणाम
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने शुक्रवार को कहा कि राजधानी में प्रदूषण कम करने और कचरा प्रबंधन की सजग रणनीति अब जमीन पर असर दिखा रही है। शुक्रवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 76 दर्ज हुआ, जो संतोषजनक श्रेणी है। 21 से 27 जून तक राजधानी में साफ हवा दर्ज की गई। यह सुधार केवल मौसम का असर नहीं है, बल्कि हर विभाग की ओर से जमीन पर हो रहे समन्वित कार्यों का परिणाम है।
इसमें लैंडफिल साइट की सफाई व गाड़ियों पर सख्ती आदि शामिल है। यह अलग-अलग प्रयास नहीं हैं, बल्कि एक ही मकसद से चल रही मुहिम है। हर चुनौती का जवाब सीधे कार्रवाई, वैज्ञानिक तकनीक और विभागीय तालमेल से दिया जा रहा है। 54 ऊंची इमारतों में अब तक एंटी स्मॉग गन लग चुकी हैं। यह दिल्ली सरकार के पर्यावरण कार्ययोजना के तहत अनिवार्य की गई हैं। यह कदम खासकर घनी आबादी वाले और ऊंची बिल्डिंग जोन में डस्ट कंट्रोल सुनिश्चित करता है।