नूंह। कोविड-19 की दूसरी लहर पहले से भी अधिक खतरनाक है। इससे बचाव के लिए हमें बहुत सावधानी बरतनी होगी। उपायुक्त धीरेंद्र खडग़टा ने सख्त निर्देश दिए यदि होम क्वारंटीन में मरीज स्वास्थ्य विभाग या जिला प्रशासन के आदेशों का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। सरकार के आदेशों की सभी को पालना करनी जरूरी है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य विभाग और सरकार के आदेशों का सख्ती से पालना की जाए। उन्होंने मार्केट कमेटी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सुबह सब्जी मंडी का निरीक्षण करें और वहां पर सामाजिक दूरी सुनिश्चित करवाएं। उन्होंने कहा कि आढ़ती और होल सेलर के कोविड टेस्ट करवाए जाएं।
श्रम विभाग के अधिकारियों को उन्होंने निर्देश दिए कि जिले के सभी उद्योगों व ईंट भट्ठों का निरीक्षण किया जाए और उनको कोविड से बचाव के लिए जागरूक किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि यदि शादियों में सरकार के निर्देशों से अधिक लोग एकत्रित होते हैं तो संबंधित विवाह स्थल संचालक, कैटरर और टैंट हाउस संचालक के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए। शादी में मास्क व सामाजिक दूरी सुनिश्चित की जाए।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने कार्यालयों में पूरी सावधानी बरतें। कार्यालयों में भीड़ न लगने दें और अधिक लोगों के आने की स्थिति में कार्यालय से बाहर ही लोगों से मिलें। उन्होंने कहा कि अधिकारी एक-दूसरे पर थोपने की बजाय स्वयं कार्य करें। जरूरत पड़े तो सैनिटाइजर लेकर अपने कर्मचारियों से कार्यालयों को सैनिटाइज करवाएं। सभी अपने साथ परिजनों का भी ध्यान रखें।