सड़क निर्माण में घटिया सामग्री उपयोग का आरोप लगा प्रदर्शन करते ग्रामीण। स्रोत- ग्रामीण
बदायूं। ब्लॉक वजीरगंज क्षेत्र के गांव खुर्रामपुर भमोरी, सिंगथरा, छरचू, मालिन गौटिया और रहेडिया में पीडब्ल्यूडी द्वारा कराए जा रहे संपर्क मार्ग के पैचवर्क में गड़बड़ी हो रही है। सोमवार को इसको लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे सड़क की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, डामर की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं है। उनका आरोप है कि निर्माण स्थल पर विभागीय अधिकारियों की निगरानी नहीं है, जिसका लाभ उठाकर ठेकेदार मनमाने तरीके से कार्य कर रहा है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कार्य की गुणवत्ता में सुधार नहीं लाया गया तो वे आंदोलन करेंगे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए खराब निर्माण पर रोक लगाने की मांग की है। जेई राहुल कुमार ने बताया कि रोड का सैंपल अभी नहीं हुआ है। कार्य चल रहा है। घटिया सामग्री की शिकायत की जांच कराई जाएगी।
प्रदर्शन के दौरान कुंवरपाल, जयवीर पाल, रामचन्द्र मौर्य, रामबहादुर पूर्व प्रधान, प्रेमपाल मौर्य, संजय सिंह, नेत्रपाल, चौबसिंह दिवाकर, ब्रजेश वर्मा, संजू सिंह, खेराज सागर, प्रमोद श्रीवास्तव, रामू श्रीवास्तव आदि ग्रामीण मौजूद रहे।