-गांव अंहरवा में हुई घटना, शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। सदर थाना क्षेत्र के गांव अंहरवा में बिजली चोरी की सूचना पर जांच करने पहुंची दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) की टीम पर हमला कर दिया गया। आरोप है कि बिजली चोरी पकड़े जाने पर आरोपियों ने टीम के साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा सरकारी कार्य में बाधा डाली। सदर थाना पुलिस ने कनिष्ठ अभियंता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डीएचबीवीएन के कनिष्ठ अभियंता रणजीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह शनिवार सुबह करीब आठ बजे अपनी टीम के साथ अंहरवा गांव में रूटीन चेकिंग के लिए पहुंचे थे। टीम में जेई राजेंद्र सिंह, लाइनमैन गुरमीत, जितेंद्र, मनोज, हेमंत और चालक सुंदर शामिल थे। जांच के दौरान टीम जब मनोज के घर पहुंची, तो पाया कि बिजली के पोल से दूसरी डोरी डालकर सीधे बिजली चोरी की जा रही थी। बिजली चोरी के सबूत जुटाने के लिए जब टीम ने मौके पर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी शुरू की तो प्रकाशचंद उर्फ गुल्लू आक्रोशित हो गया। आरोप है कि उसने सरकारी कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की और उनके साथ हाथापाई की। आरोपी ने टीम को डराकर सरकारी कार्य बीच में ही रुकवा दिया। घटना के बाद टीम ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। सदर थाना प्रभारी सुंदरपाल का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।