नॉलेज पार्क स्थित एक निजी कॉलेज में छात्र के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में कॉलेज के निजी सुरक्षा कर्मी और बाउंसर एक छात्र के साथ मारपीट करते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद मामले को लेकर कॉलेज प्रबंधन और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, वायरल वीडियो नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र स्थित एक निजी कॉलेज के गेट नंबर दो का है। यहां प्रवेश को लेकर कॉलेज के सिक्योरिटी सुपरवाइजर और निलंबित छात्र के बीच विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर मारपीट की स्थिति बन गई।
घटना का किसी व्यक्ति ने वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस का कहना है कि मामले में आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस वायरल वीडियो और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।
वहीं, सपा नेता मोहित नगर ने आरोप लगाया कि कॉलेज परिसर में छात्र के साथ मारपीट की गई। मामले को लेकर कॉलेज के बाहर धरना-प्रदर्शन कर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने छात्र के साथ मारपीट करने वाले सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
वहीं पुलिस का कहना है कि घटना के संबंध में उपलब्ध साक्ष्यों और वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है। जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।