फिरोजपुर झिरका। नगर की सब्जी मंडी में सोमवार सुबह एकत्र भीड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस टीम ने लाठियां फटकार कर लोगों को तितर-बितर कर दिया। इसके बाद आढ़तियों को सामाजिक दूरी का पालन कराने के निर्देश दिए।
समाजसेवी प्रेम योगी, सुरेश ठेकेदार, सतीश चंद, हसन ठेकेदार, मनमोहन जैन और राजू पटेल आदि ने बताया कि
मंडी में सब्जी खरीदने के दौरान लोगों की काफी भीड़ लग जाती है। इस दौरान लोग सामाजिक दूरी का भी ध्यान नहीं रखते हैं। मंडी में एकत्र भीड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और लाठियां फटकार कर लोगों को भगा दिया। वहीं, थाना प्रबंधक रमेश चंद ने बताया कि मंडी में सब्जी खरीदने के दौरान भीड़ लगने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को तितर-बितर किया। अब यदि आढ़तियों द्वारा गाइडलाइन का पालन नहीं कराया गया तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।