- उड़ानों के शुरू होने से पहले तेजी से पूरे किए जा रहे हैं एयरपोर्ट से जुड़े विकास कार्य
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। बुलंदशहर-खुर्जा से बिलासपुर होते हुए जेवर और एयरपोर्ट जाने का मार्ग अब और आसान होने जा रहा है। पीडब्ल्यूडी की ओर से बिलासपुर से जेवर तक के मार्ग का चौड़ीकरण किया जा रहा है। जिससे बुलंदशहर से जेवर की ओर आने वाले वाहन फर्राटा भरते हुए एयरपोर्ट तक पहुंच सकेंगे। इससे उनका समय भी बचेगा और सड़क मार्ग पर चलने में भी सुविधा होगी।
बिलासपुर से जेवर तक के लगभग 15 किमी के मार्ग के चौड़ीकरण का काम तेजी से किया जा रहा है। जिससे यह रास्ता दो लेन हो जाएगा और एक साथ कई वाहन इस पर फर्राटा भर सकेंगे। अभी तक इस मार्ग की चौड़ाई कम थी और सिंगल रोड होने के कारण वाहनों को गति पकड़ने में भी असुविधा होती थी। एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी को बढ़ाने के लिए सड़क के दोनों ओर डेढ़-डेढ़ मीटर चौड़ाई बढ़ाई जा रही है। दोनों ओर चौड़ाई बढ़ने के बाद सड़क 10 मीटर चौड़ी हो जाएगी। फिलहाल बिलासपुर से जेवर तक सड़क की खुदाई करके उसे चौड़ा किया जा रहा है। इस तरफ का काम पूरा होने के बाद जेवर से बिलासपुर की ओर सड़क को चौड़ा करके जल्द से जल्द काम को पूरा किया जाएगा।
एनएच-34 से आने वाले लोग सीधा पहुंचेंगे एयरपोर्ट
जेवर-बिलासपुर मार्ग खुर्जा होते हुए आगे जाकर सीधा एनएच-34 से मिलता है। ऐसे में बुलंदशहर के साथ हापुड़, मेरठ और आसपास के शहरों से एनएच-34 होते हुए एयरपोर्ट जाने वालों के लिए भी मार्ग आसान हो जाएगा। जून से एयरपोर्ट में घरेलू उड़ानें शुरू होने जा रही हैं। इसके बाद एयरपोर्ट से लोगों की आवाजाही बढ़ जाएगी और विभिन्न मार्गों से लोग यहां आएंगे। एयरपोर्ट आने वाले लोगों की सुविधा को देखते हुए तेजी से काम को पूरा किया जा रहा है।