संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। प्रदेशस्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में चयन के लिए सोमवार को गौतमबुद्ध नगर में बालिका वर्ग में जूनियर व बालक वर्ग में सब-जूनियर जिलास्तरीय बास्केटबॉल के ट्रायल हुए। इसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन मंडलीय ट्रायल के लिए हुआ। बालिका वर्ग में वर्षा रानी और बालक वर्ग में हृदय दीप सिंह, तविश, आर्यविराज, अहान मिश्रा, अक्षज मदियाल, संचित चौधरी का चयन हुआ।
प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली ने बताया कि 10 से 13 सितंबर तक गोरखपुर के क्षेत्रीय खेल कार्यालय पर बालिका वर्ग में प्रतियोगिता होगी। इसके चयन के लिए सूरजपुर स्थित मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिलास्तरीय ट्रायल हुए जिसमें वर्षा रानी ने मंडलीय ट्रायल के लिए अपना स्थान पक्का किया। वह सोमवार को ही मेरठ के कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में देर शाम तक आयोजित मंडलीय ट्रायल में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी। वहीं, बालक वर्ग में 17 से 20 सितंबर तक प्रतापगढ़ के क्षेत्रीय खेल कार्यालय पर प्रदेशीय सब-जूनियर बास्केटबॉल प्रतियोगिता होगी। सभी चयनित खिलाड़ी मंगलवार को मेरठ के स्टेडियम में आयोजित होने वाले ट्रायल में भाग लेंगे।