-प्रदेश सरकार ने पहला ''यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2023'' की तैयारियां की तेज
-21 से 25 सितंबर के बीच ग्रेनो के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में होगा आयोजन
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 21 से 25 सितंबर के बीच पहला ''यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2023'' का आयोजन होगा। जहां एक तरफ वाराणसी की गुलाबी मीनाकारी देखने को मिलेगी वहीं, दूसरी तरफ कन्नौज का इत्र महकेगा। सभी 75 राज्यों की खास वस्तुओं का प्रदर्शन होगा। साथ ही एक जिला एक उत्पाद में बनने वाली वस्तुओं को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि इस प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदेश के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। पहली प्रदर्शनी 21 से 25 सितंबर के बीच ग्रेटर नोएडा में होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदर्शनी का शुभारंभ करेंगे। प्रदर्शनी के साथ सेमीनार और सांस्कृतिक गतिविधियां भी आयोजित होंगी। अच्छा व्यापार करने वाले उत्पादकों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। प्रदर्शनी में 2000 से अधिक उत्पादक और निर्यातक भाग लेंगे। जो 40 विभिन्न औद्योगिक सेक्टरों से जुड़े होंगे। इनमें सूक्ष्म और लघु उद्यमों के लिए क्रेडिट गारंटी योजना, डिजिटल इंडिया मिशन, नमामि गंगे जल शक्ति, सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क, इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट, यूपी पावर कॉरपोरेशन, आईटी और स्मार्ट सिटी मिशन, राष्ट्रीय एससी/एसटी हब योजना, खादी ग्रामोद्योग शामिल होंगे। वहीं विकास योजना, अंतरराष्ट्रीय निगम योजना, शिक्षा क्षेत्र, रक्षा गलियारा, ग्रामीण और शहरी विकास योजना, यूपी पुलिस एसोसिएशन, खेल क्षेत्र, मत्स्य और पशुपालन, राजमार्ग और औद्योगिक पार्क विकास प्राधिकरण, ई-कॉमर्स और बैंकिंग, यूपीएसआईडीसी, कृषि और बागवानी भी शामिल हैं। इंडिया एक्सपो मार्ट के 15 हॉल और 50 हजार वर्ग मीटर में प्रदर्शनी का आयोजन होगा। जहां बनारस की गुलाबी मीनाकारी व सिल्क, गणेश की मूर्तियां, बांदा का सजर स्टोन, कन्नौज का इत्र, लखनऊ की चिकनकारी, मुरादाबाद के पीतल के बर्तन, आजमगढ़ की काली मिट्टी के बर्तन, बांदा के रेशम उत्पाद को प्रदर्शित किया जाएगा। यूपी ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट में 25 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले। इसके बाद राज्य सरकार ने एक ऐसा मंच प्रदान करने का लक्ष्य बनाया है। जहां उसके उत्पादों और सेवाओं से संबंधित विभिन्न क्षेत्र का प्रचार प्रसार हो सके।