यूपी रीजनल एथलेटिक्स मीट का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। सेंट जोसेफ स्कूल, सेक्टर अल्फा-1 में आयोजित सीआईएससीई यूपी रीजनल एथलेटिक्स मीट की ओवरऑल ट्राफी पर वाराणसी ने कब्जा कर लिया है। वहीं गाजियाबाद की टीम दूसरे और मेरठ की टीम तीसरे स्थान पर रही। प्रतियोगिता में कानपुर उत्तर, कानपुर दक्षिण, गोरखपुर और प्रयागराज समेत अन्य जिलों के खिलाड़ियों ने भी बेहतर प्रदर्शन किया।
स्कूल की मीडिया प्रभारी हेमलता शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में वाराणसी की टीम ने 17 स्वर्ण समेत 42 पदक हासिल करने पर ओवरऑल विजेता घोषित किया गया। वहीं, 16 स्वर्ण समेत 40 पदक हासिल करने वाली गाजियाबाद को दूसरा व मेरठ की टीम को 16 स्वर्ण समेत 37 पदक जीतने पर तीसरा स्थान मिला। इसमें नौ जोन की टीमों ने अंडर-14, 17 व 19 आयु वर्ग में मुकाबला किया।
बुधवार को आयोजित समापन समारोह में फादर सजी पल्लमट्टम, योग गुरु अशोक कुमार, बृजेश शर्मा ने खिलाड़ियों को पदक पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के माध्यम से प्रदेश भर के एथलीटों को एशियन गेम्स, ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स आदि जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी में सहायता मिलेगी।
100 और 200 मीटर दौड़ में प्रज्वल अव्वल
अंडर-14 आयु वर्ग में 100 व 200 मीटर दौड़ में मेरठ के प्रज्वल कुमार ने स्वर्ण जीता। वहीं 200 मीटर रिले में मेरठ टीम ने स्वर्ण पदक हासिल किया। अंडर-17 में 100 व 200 मीटर में गाजियाबाद के पीयूष वशिष्ठ, पांच किमी दौड़ में वाराणसी के आकाश यादव, 200 मीटर रिले में वाराणसी, 400 मीटर रिले में मेरठ ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया। अंडर-19 में 100 मीटर में मेरठ के शिव नेगी, 200 मीटर में प्रशांत तोमर, 800 मीटर व तीन किमी में वाराणसी के विकास कुमार, पांच किमी में गाजियाबाद के अक्षित चौधरी, 100 व 400 मीटर रिले में मेरठ ने स्वर्ण पदक पर कब्जा किया।