सेक्टर-110 स्थित नोएडा एजुकेशनल अकादमी में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता संपन्न, विंध्याचल उपविजेता रहा
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। सेक्टर-110 स्थित नोएडा एजुकेशनल अकादमी में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय सब-जूनियर बालक कबड्डी प्रतियोगिता का समापन बुधवार को हुआ। आयोजन जिला खेल कार्यालय गौतमबुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन और खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में हुआ।
रोमांचक फाइनल में वाराणसी मंडल ने 35 अंकों के साथ खिताब जीता, जबकि विंध्याचल (मिर्जापुर) मंडल 23 अंकों के साथ उपविजेता रहा। प्रतियोगिता में प्रदेश के 18 मंडलों और 2 खेल हॉस्टलों की टीमें शामिल हुईं।
समापन समारोह में क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी जितेंद्र यादव ने विजेता टीम को ट्रॉफी, जबकि उत्तर प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन के सचिव राजेश कुमार सिंह ने खिलाड़ियों को मेडल प्रदान किए। जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली ने निर्णायकों, कोचों और प्रबंधकों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य मंजू शर्मा, नेटबॉल कोच शीलंकुर, बॉक्सिंग कोच ज्योति नागर, शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष मोनू और कार्यालय सहायक देवेंद्र कौशिक सहित कई लोग उपस्थित रहे। चयनित खिलाड़ी अब आगामी राष्ट्रीय सब-जूनियर कबड्डी चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।