- यूपी स्टेट सब-जूनियर चैंपियनशिप में अग्रिमा ने स्वर्ण, वान्या ने रजत और कांस्य पदक पर जमाया कब्जा
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर की उभरती बैडमिंटन खिलाड़ियों वान्या चौधरी और अग्रिमा सिंह ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। गोरखपुर में 21 से 25 अक्टूबर तक आयोजित योनेक्स सनराइज यूपी स्टेट सब-जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप में दोनों खिलाड़ियों ने एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक सहित कुल तीन पदक जीते।
प्रतियोगिता में वान्या चौधरी ने अंडर-15 बालिका एकल वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। इसके बाद अंडर-17 बालिका एकल वर्ग में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई और रजत पदक जीता। वहीं, अंडर-17 बालिका एकल वर्ग के फाइनल में गौतमबुद्ध नगर की ही अग्रिमा सिंह ने वान्या को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस तरह दोनों खिलाड़ियों ने जिले को तीन पदक दिलाए।
परिवार को बेटियों की उपलब्धि पर गर्व
वान्या चौधरी के पिता योगेश नागर ने बताया कि उनकी बेटी नियमित रूप से बैडमिंटन का अभ्यास करती है और प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए मेहनत कर रही है। राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में दो पदक जीतना उसके लिए उत्साह बढ़ाने वाली उपलब्धि है। परिवार को उम्मीद है कि वान्या आगे भी इसी तरह प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करेगी। दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि से उनके परिवार और खेल जगत में खुशी का माहौल है।