संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस (सीआईएससीई) की ओर से ग्रेटर नोएडा के सेक्टर अल्फा-1 स्थित सेंट जोसेफ स्कूल में चल रही सीआईएससीई राष्ट्रीय बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता के अंडर-17 कैटेगरी में उत्तर प्रदेश टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी पर कब्जा किया।अंडर-14 कैटेगरी में कर्नाटक और अंडर-19 कैटेगरी में पश्चिम बंगाल ने ट्रॉफी जीती।
स्कूल की मीडिया प्रभारी हेमलता ने बताया कि अंडर-14 कैटेगरी के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में कर्नाटक ने पश्चिम बंगाल और दूसरे में महाराष्ट्र ने उत्तर प्रदेश को पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। अंडर-17 कैटेगरी में पहले सेमीफाइनल में उत्तर प्रदेश ने तमिलनाडु और दूसरे में महाराष्ट्र ने कर्नाटक को पराजित किया। वहीं, अंडर-19 कैटेगरी में पहले सेमीफाइनल में पश्चिम बंगाल ने तमिलनाडु-पांडिचेरी और आंध्रप्रदेश-तेलंगाना ने बिहार-झारखंड को मात देकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं, फाइनल मुकाबले में अंडर-14 कैटेगरी में कर्नाटक ने महाराष्ट्र को 40-35 अंक से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा किया। अंडर-17 कैटेगरी में उत्तर प्रदेश ने महाराष्ट्र को 47-31 अंक से पराजित किया। वहीं, अंडर-19 कैटेगरी में पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश-तेलंगाना के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। अंत में पश्चिम बंगाल ने 25-20 अंक से जीत हासिल कर खिताब जीता।
हेमलता ने बताया कि अंडर-14 कैटेगरी में कर्नाटक के देविशा झा, अंडर-17 कैटेगरी में महाराष्ट्र के कौशिक और अंडर-19 कैटेगरी में पश्चिम बंगाल के अवनी बंसल ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। उन्हें आयोजक मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी पूनम चतुर्वेदी, विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर जिप्सन पलाटी ने सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार देकर सम्मानित किया।