बेसिक शिक्षा मंत्री ने परिषदीय स्कूल मथुरापुर के नए भवन का किया उद्घाटन
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। परिषदीय स्कूलों में 2017 से पहले मूलभूत सुविधाएं नहीं थीं। हमने वह स्कूल भी देखे हैं, जहां छात्रों के बैठने के लिए फर्नीचर तक नहीं होते थे। उन्हें जमीन पर बैठकर पढ़ना होता था। अब व्यवस्थाएं मिल रही हैं। ये दावे प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने किए। बुधवार को उन्होंने परिषदीय स्कूल मथुरापुर के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यूपी के परिषदीय स्कूल देश में मॉडल बन रहे हैं।
स्कूल में क्लासरूम के नाम वशिष्ठ कक्ष, विश्वामित्र कक्ष, द्रोणाचार्य कक्ष, वाल्मीकि कक्ष रखे गए हैं। स्कूल में प्रकाश और वेंटिलेशन का विशेष ध्यान रखा गया है। यह यूपी का सबसे अधिक 40 केएलडी वाटर हार्वेस्टिंग क्षमता वाला प्राथमिक विद्यालय है। इस मौके पर सांसद डॉ. महेश शर्मा, दादरी विधायक तेजपाल नागर, एमएलसी श्रीचंद शर्मा, एडी बेसिक दिनेश कुमार यादव, डायट प्राचार्य राज सिंह यादव, बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार, प्रधानाध्यापक गजन भाटी व होंडा कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ अन्य लोग मौजूद रहे।
57 जिलों में बन रहे सीएम मॉडल स्कूल
मंत्री ने कहा कि सीएसआर के माध्यम से बनाए गए इस स्कूल में कोई भी पेड़ नहीं काटा गया है। 57 जिलों में सीएम मॉडल स्कूल बन रहे हैं। इनमें गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, बागपत, बुलंदशहर, कानपुर देहात, औरैया, इटावा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, मथुरा आदि शामिल हैं। प्रत्येक स्कूल को 30 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक सुविधाएं दी जा रही हैं। सोशल मीडिया के युग में बच्चों को बचाना होगा। शिक्षकों को छात्रों के साथ परिवार की तरह कार्य करने होंगे।
स्मार्ट कक्षाओं की ली जानकारी
कई स्कूलों के छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। परिषदीय स्कूल नवादा के छात्रों ने नाटक के माध्यम से सोशल मीडिया के अधिक उपयोग से हो रही परेशानियों को दर्शाया। इसके साथ ही अन्य छात्रों ने टीएलएम के माध्यम से पढ़ाई में आ रहे बदलाव के बारे में मंत्री को बताया। इसके साथ ही मंत्री ने नई कक्षाओं में जाकर भ्रमण किया। उन्होंने स्मार्ट कक्षाओं के संचालन की जानकारी भी हासिल की।