विद्युत वितरण खंड ऋषिकेश में तैनात उपनल के 50 संविदा कर्मचारियों के सामूहिक हड़ताल पर चले जाने से बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमराने की आशंका है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, विभाग ने आनन-फानन में मोर्चा संभाल लिया है। बिजली आपूर्ति सुचारु रखने के लिए आठ महत्वपूर्ण बिजलीघरों में जूनियर इंजीनियरों (जेई) की अस्थाई तौर पर ड्यूटी लगाई गई है। वहीं, उपभोक्ताओं को बिल जमा करने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए कैश काउंटरों पर भी अन्य कर्मचारियों को तैनात किया गया है।
विद्युत वितरण खंड ऋषिकेश में उपनल के माध्यम से तैनात 10 ऑफिस कर्मचारी, 24 फील्ड कर्मचारी और 16 एसएसओ (सब स्टेशन ऑपरेटर) हड़ताल पर चले गए हैं। इन कर्मचारियों के हड़ताल में शामिल होने से सबसे ज्यादा प्रभाव बिजलीघरों पर पड़ा है।
बिजलीघरों में तैनात सब स्टेशन ऑपरेटरों की जगह अपर सहायक अभियंता ड्यूटी दे रहे हैं। वहीं लोगों की शिकायतें सुनकर जवाब दे रहे हैं। बिल संग्रह केंद्र में तैनात सभी उपनल कर्मियों के हड़ताल में शामिल होने से वहां पर ऑफिस के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। जिससे ऑफिस का रुटीन का काम भी प्रभावित हो रहा है।
बिजलीघर में सहायक अभियंताओं की ड्यूटी लगाने से अन्य काम भी प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में कई क्षेत्रों में उपभोक्ताओं की शिकायतों का समाधान नहीं हो पा रहा है।
-
हड़ताल लंबी चली तो व्यवस्थाएं बिगड़ेगी
ऊर्जा निगम में तैनात कर्मचारियाें के हड़ताल में शामिल होने से आने वाले दिनों में स्थिति और बिगड़ सकती है। बिजलीघर में जेई की तैनाती होने से समस्या पर तुरंत समाधान होना मुश्किल होगा। ऐसे में किसी क्षेत्र में फाल्ट आता है तो उसे ठीक करने में भी समय लगेगा। ऊर्जा निगम के जेई बिजलीघर तक सीमित हो गए हैं। ऐसे में जूनियर इंजीनियरों के ऑफिस और फील्ड से संबंधित काम प्रभावित हो रहे हैं। जूनियर इंजीनियरों को अन्य दिनों में अपने क्षेत्र में काम निपटाने के साथ ही प्रशासन की ओर से आयोजित बैठक में भाग लेना पड़ता है। वीआईपी कार्यक्रम के प्रोटोकॉल में शामिल होना पड़ता है।
-
कोट-
विद्युत वितरण खंड में तैनात करीब 50 कर्मचारियों के हड़ताल में शामिल होने से व्यवस्था प्रभावित हुई है। बिजलीघरों में क्षेत्र के जेई की ड्यूटी लगाई गई है। बिल संग्रह केंद्रों पर भी अन्य कर्मचारियों को तैनात किया गया है। - शक्ति प्रसाद, ईई, ऊर्जा निगम ऋषिकेश
-