- प्रोजेक्टों की तिमाही प्रगति रिपोर्ट अब 31 अक्तूबर तक दे सकते है बिल्डर
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। यूपी रेरा ने प्रोजेक्टों की तिमाही प्रगति रिपोर्ट देने की अंतिम तिथि फिर बढ़ा दी है। अब बिल्डरों को 31 अक्तूबर तक क्यूपीआर जमा करने का समय दिया गया है। जबकि पहले इस तिथि को बढ़ाकर 21 अक्तूबर किया गया था। हवाला दिया है कि नई व्यवस्था के कारण क्यूपीआर जमा करने में समय लग रहा है।
यूपी रेरा के आदेश के तहत बिल्डरों को हर निर्माणाधीन प्रोजेक्टों की प्रगति रिपोर्ट हर तीन माह में देनी होगी। पिछली तिमाही प्रगति रिपोर्ट 30 सितंबर तक जमा होनी थी लेकिन बिल्डर ऐसा नहीं कर सके। इस पर यूपी रेरा ने क्यूपीआर जमा करने की तिथि बढ़ाकर 21 अक्तूबर कर दी। हवाला दिया कि नई व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन और रिपोर्ट दाखिल करने की प्रक्रिया को सुचारु बनाने के लिए समयसीमा में यह विस्तार किया है। अब समय सीमा बढ़ाकर 31 अक्तूबर कर दी गई। यूपी रेरा के अफसरों ने बताया कि अतिरिक्त समय डिजिटल हस्ताक्षर आधारित नई प्रक्रिया को लागू करने में प्रमोटर्स और संबंधित पेशेवरों को सुविधा देने के उद्देश्य से दिया गया है। क्यूपीआर के साथ आर्किटेक्ट, इंजीनियर और चार्टर्ड अकाउंटेंट के निर्धारित प्रमाणपत्रों पर डिजिटल हस्ताक्षर प्रमाणपत्र (डीएससी) के माध्यम से हस्ताक्षर कर उन्हें यूपी-रेरा पोर्टल पर जमा करना अनिवार्य किया गया है। यह नई व्यवस्था पहली बार लागू की गई है। तकनीकी औपचारिकताओं को पूरा करने और पोर्टल पर प्रमाणपत्र जमा करने की प्रक्रिया को समझने में अतिरिक्त समय लग सकता है।