शिल्पहाट में बनी चोखी हवेली को तीन दिवसीय कार्यक्रम के दौरान यूपी की रसोई में तब्दील कर दिया गया है। रविवार को यहां पहुंचकर लोगों ने पूर्वांचल की मिठास से लेकर पश्चिमांचल का स्वाद, बुंदेलखंड की सौगात, ब्रज की बहार और अवध की सुगंध नामक स्टॉल पर जाकर लजीज व्यंजनों का लुत्फ उठाया। पहले ही दिन यहां खासी भीड़ देखने को मिली।
ट्रैफिक पुलिस के साथ सेल्फी बनेगी यादगार लम्हा
शिल्पहाट में पुलिस के महिला शक्ति स्टॉल के नजदीक ही ट्रैफि क पुलिस का स्टॉल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। यहां ट्रैफिक पुलिस के कटआउट के पीछे खड़े होकर बच्चों से लेकर बड़े तक सेल्फ ी लेते नजर आए। ट्रैफि क पुलिस की राइडर बाइक पर बैठकर भी लोगों ने फोटो खिंचवाए। ट्रैफि क पुलिस सड़क सुरक्षा का संदेश देते हुए लोगों के फोटो का मौके पर ही प्रिंट भी निशुल्क दे रही है, ताकि इसे यादगार लम्हा बनाया जा सके।
फिल्म सिटी से लेकर टॉय पार्क तक की झलक
आयोजन स्थल पर नोएडा का उत्कृष्ट शहर स्टॉल लोगों को खासा पसंद आ रहा है। देशी-विदेशी निवेशकों को लुभा रहे यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण के स्टॉल पर नोएडा एयरपोर्ट से लेकर फि ल्म सिटी जैसी परियोजनाओं का खाका पेश किया जा रहा है। टॉय सिटी के मॉडल को शानदार तरीके से यहां पेश किया गया है। वहीं, नोएडा ने कचरा निस्तारण सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट जैसे कार्यों को अलग-अलग स्टॉल के माध्यम से बखूबी प्रदर्शित किया है।
उत्तर प्रदेश का शो विंडो कहे जाने वाले नोएडा की विकास यात्रा को प्राधिकरण ने तस्वीरों के माध्यम से बेहद दिलचस्प तरीके से पेश किया है। चिल्ला रेगुलेटर के पास आज जहां पुलिस की बैरक है, वहां 1978 में नोएडा प्राधिकरण ने अपना पहला कार्यालय बनाया था।
सेक्टर-5 में 1978 में बनी नोएडा की पहली पानी की टंकी, वर्ष 1984 में नोएडा स्टेडियम के पुराने भवन, वर्ष 1999 में डीएनडी फ्लाई-वे के निर्माण, वर्ष 2003 में सेक्टर-5 के नंदन कानन पार्क के वट वृक्ष का पुरातन नोएडा की तस्वीर पेश करता दृश्य लोगों को आकर्षित कर रहा है।
2010 के कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान साइकिलिंग रेस की तस्वीर ने यादें ताजा की। दो दशक पुराना इंडियन ऑयल क्रॉसिंग का नजारा तस्वीर में दिखा, जहां आज मेट्रो दौड़ रही है। सन 1929 में शहीद भगत सिंह और बटुकेश्वर दत्त द्वारा असेंबली में फेंके गए बम बनाने में प्रयुक्त पत्थर की तस्वीर भी नोएडा की विकास यात्रा का हिस्सा बनी है।
दो साल पहले 25 जनवरी को दी थी मेट्रो की सौगात
नोएडा में अपने कार्यकाल के दौरान ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यूं तो कई बार आ चुके हैं, लेकिन एक इत्तेफाक यह भी है कि ऐसा अब दूसरी बार होने जा रहा है जब 25 जनवरी को सीएम यहां आकर लोगों को विकास की सौगात देने जा रहे हैं। इससे पहले 25 जनवरी 2019 को मुख्यमंत्री ने नोएडा के सेक्टर-137 मेट्रो स्टेशन से एक्वा लाइन का शुभारंभ करके स्थानीय लोगों को मेट्रो की सौगात दी थी।