मेजबानी के लिए स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का क्रिकेट मैदान तैयार, शाम 7 बजे से होंगे मैच
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में बुधवार से बिग क्रिकेट लीग (बीसीएल) के सीजन दो का आगाज होगा। इसकी मेजबानी के लिए स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का क्रिकेट मैदान तकरीबन तैयार हो चुका है। उद्घाटन मुकाबला यूपी ब्रिज स्टार्स और मुंबई मरीन के बीच होगा। लीग के सभी मैच टी-20 फार्मेट में रात-दिन खेले जाएंगे। मैच शाम सात बजे से शुरू होंगे। उद्घाटन मैच में दो भारतीय क्रिकेटर यूपी ब्रिज स्टार्स के साथ शिखर धवन और मुंबई मरीन के साथ इरफान पठान मैदान में दिखेंगे। मैच देखने के लिए दर्शकों को गेट नंबर एक से निशुल्क प्रवेश दिया जाएगा। वहीं, इंटरनेट पर भी लाइव प्रसारण होगा।
मंगलवार को करीब 30 दिग्गज खिलाड़ी अपनी-अपनी टीमों के साथ जुड़ेंगे। इसके बाद सभी छह टीमें स्टेडियम में अभ्यास करेंगी और मुकाबलों से पहले अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देंगी। लीग के संस्थापक और अध्यक्ष रुद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सुरक्षा से लेकर ग्राउंड और अन्य सुविधाओं तक सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली गईं हैं।