प्रदेश में कोरोना संक्रमण के प्रकोप को देखते हुए सरकार ने कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूलों को 20 मई तक बंद कर दिया है। 20 मई से 30 जून तक स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश है, लिहाजा अब स्कूल 1 जुलाई को ही खुलेंगे। बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव प्रताप सिंह बघेल ने बृहस्पतिवार को 20 मई तक स्कूल बंद रखने का आदेश जारी कर दिया।
परिषद के सचिव ने बताया कि पहले कक्षा 1 से 8 तक के स्कूलों को 30 अप्रैल तक बंद रखने का आदेश जारी किया गया था। प्रदेश में कोरोना संक्रमण की स्थिति को देखते हुए अब कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूलों में 20 मई तक शैक्षणिक कार्य बंद रखने का निर्णय किया गया है। इस अवधि में विद्यार्थियों को स्कूल में उपस्थित नहीं होना है। शिक्षक, शिक्षा मित्र और अनुदेशक भी घर से काम कर सकेंगे। लेकिन शासकीय कार्य या अन्य किसी कार्य में उनकी ड्यूटी लगाई जाती है तो उन्हें उपस्थित होना होगा।
राज्य के बेसिक शिक्षा मंत्री सतीश द्विवेदी ने बृहस्पतिवार को ट्वीट कर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि कोविड-19 की वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए अब वर्तमान शैक्षिक सत्र के अंत के लिए 20 मई 2021 तक बेसिक शिक्षा परिषद के सभी शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की शिक्षिकाओं को घर से कार्य करने की अनुमति होगी।"
पूर्व में कक्षा एक से आठ तक के सभी परिषदीय व सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त व अन्य बोर्डो के विद्यालय को 30 अप्रैल तक शैक्षिक कार्य बंद किए जाने का आदेश जारी किया गया था।