उन्नाव। प्रदेश सरकार ने किसानों का धान खरीदने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए जिले में 40 क्रय केंद्र खोले जाएंगे। एक नवंबर से धान खरीदा जाएगा।
जिले में एक नवंबर से शुरू हो रही धान की खरीद के लिए 40 केंद्र खोलने की जिला प्रशासन ने अनुमति दी है। खरीद की जिम्मेदारी विपणन शाखा, पीसीएफ व एफसीआई को दी गई है। कॉमन धान का समर्थन मूल्य 2369 रुपये क्विंटल है। ग्रेड ए धान 2389 रुपये क्विंटल खरीदा जाएगा। खरीद 28 फरवरी 2026 तक चलेगी।
जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी संतोष यादव ने बताया कि धान को सरकारी केंद्रों पर बेचने से पहले किसानों को विभागीय पोर्टल www.fcs.up.gov.in पंजीकरण कराना होगा। इसके बाद ही उनकी उपज खरीदी जा सकेगी। किसानों को 48 घंटे के अंदर खातों में भुगतान किया जाएगा। उन्होंने किसानों से अपील की कि जिस खाते में वह भुगतान चाहते हैं, उसे पंजीकरण से पूर्व आधार व एनपीसीआई से मैप करा लें। किसान खतौनी, बैंक पासबुक व आधार में दर्ज नाम के अनुसार ही पंजीकरण कराएं। इससे भुगतान में आसानी होगी। बताया कि किसानों को खरीद, भुगतान आदि की सूचना उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर दी जाएगी। बताया कि अब तक 273 किसान पंजीकरण करा चुके हैं। केंद्र खोलने की तैयारी पूरी कर ली गई है। प्रत्येक केंद्र पर बैनर, कांटा, पंखा, छलना, नमी मापक, ई-पॉश मशीन उपलब्ध कराई जाएगी।