फोटो-21- दिन में धूप न निकलने और हल्की बारिश होने से छाई धुंध। संवाद
- फोटो : credit
उन्नाव। मौसम में बदलाव का जिले में भी असर देखने को मिला। दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर बाद से बूंदाबांदी शुरू हो गई। गंजमुरादाबाद में तेज हवा के साथ हल्की बारिश से धान की फसल खेत में ही गिर गई। तापमान में गिरावट आ गई। मंगलवार व बुधवार को भी हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।
सोमवार सुबह से ही बादल छाए रहने से धूप नहीं निकली। दोपहर तक ऐसा ही मौसम बना रहा। दो बजे के बाद बुंदाबांदी शुरू हो गई। जो शाम पांच बजे तक होती रही। इससे अधिकतम तापमान रविवार के मुकाबले सोमवार को छह और न्यूनतम एक डिग्री सेल्सियस गिर गया। रविवार को जहां अधिकतम पारा 32.01 डिग्री सेल्सियस था, जो घटकर 26 पर पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान 17 से कम होकर 16 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय कानपुर के मौसम विशेषज्ञ डॉ. सुनील पांडेय ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग से प्राप्त पूर्वानुमान के अनुसार, 28 व 29 अक्तूबर को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इससे तापमान में उतार चढ़ाव जारी रहेगा।
गंजमुरादाबाद प्रतिनिधि के अनुसार धान की फसल पककर तैयार हो चुकी है। कुछ जगहों पर कटाई मड़ाई भी तेजी से चल रही है। सोमवार की दोपहर हुई हल्की बारिश से कई गांवों में फसल गिर गई है। इससे नुकसान होने की आशंका बढ़ गई है।
वर्जन...
यदि तेज बारिश होती है तो धान की कटी पड़ी व खड़ी दोनों फसल को नुकसान हो सकता है। अभी की बूंदाबांदी व हल्की बारिश से नुकसान नहीं है। फिलहाल किसान अभी कटाई, मड़ाई का काम रोक दें। मौसम साफ होने दें। वहीं बारिश होने से गेहूं की बुवाई में तेजी आ सकती है।
डॉ. जय कुमार यादव, कृषि वैज्ञानिक कृषि विज्ञान केंद्र धौरा।
फोटो-21- दिन में धूप न निकलने और हल्की बारिश होने से छाई धुंध। संवाद- फोटो : credit