उन्नाव। शहर के बड़े चौराहे पर पत्नी को उसके जीजा के साथ बाइक से जाते देख पति का गुस्सा फूट पड़ा। बीच चौराहे पर ही रोककर धक्कामुक्की शुरू कर दी। आरोप-प्रत्यारोप के बीच पति-पत्नी में मारपीट की नौबत आ गई। जाम लगाने पर यातायात के सिपाहियों ने समझाने का प्रयास किया लेकिन विवाद शांत नहीं हुआ। सूचना पर सदर चौकी पुलिस तीनों को साथ लेकर गई। इस दौरान बड़ा चौराहा पर 20 मिनट तक जाम की स्थिति बन गई।
एक गांव निवासी पति-पत्नी विवाद के चलते अलग-अलग रहते हैं। दो बच्चों में एक मां और दूसरा पिता के साथ रहता है। मंगलवार की दोपहर 12 बजे युवक बाइक से हरदोई पुल से उतर रहा था। बड़े चौराहे पर उसने पत्नी और बेटे को साढ़ू (पत्नी के जीजा) के साथ देख आपा खो दिया। बाइक के आगे अपनी बाइक लगाकर रोका और साढ़ू पर परिवार तोड़ने का आरोप लगाया।
पत्नी ने जीजा का साथ दिया तो दंपती में मारपीट की नौबत बन गई। हालांकि यातायात सिपाहियों ने समझाया। भीड़ लगने से यातायात व्यवस्था भी चरमरा गई। बड़ा चौराहा पर वाहन जहां के तहां खड़े हो गए। सूचना पर सदर चौकी पुलिस तीनों को वहां से चौकी लेकर चली गई।
कोतवाल संजीव कुशवाहा ने बताया कि पति-पत्नी का विवाद था, दोनों अलग रहते हैं। पति उसे भरण पोषण का चार हजार रुपये भी देता है। चौकी ले जाकर समझा दिया गया था, फिर सभी चले गए थे।
-
अपहरण का आरोपी गिरफ्तार
बीघापुर। अपहरण और पॉक्सो के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है। बिहार थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को तहरीर दी थी। बताया कि बेटी 20 अगस्त डिग्री कॉलेज में स्नातक तृतीय वर्ष में प्रवेश कराने गई थी। इसके बाद घर नहीं लौटी। अपहरण की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पता चला कि फतेहपुर जिले के थाना मलवा के डुबकी गांव निवासी छोटू उर्फ नैतिक पाल उसे बहलाकर लेकर गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। थानाध्यक्ष राहुल सिंह ने बताया कि सोमवार को आरोपी को बक्सर गंगा पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। (संवाद)
किशोरी को ले जाने के आरोपी को पकड़ा
बीघापुर। बिहार थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने 20 सितंबर को पुलिस को तहरीर देकर (16) साल की बेटी को दूर के रिश्वतेदार अमेठी जिले के थाना गौरीगंज के गांव अमिया निवासी अभय उर्फ हिमांशु सिंह ले गया। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी, मंगलवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। (संवाद)
पीडब्ल्यूडी ने शुरू कराया वैकल्पिक मार्ग का निर्माण
फोटो-10-कटान में कटे कालीमिट्टी-शिवराजपुर मार्ग से जेसीबी से बनाया जा रहा वैकल्पिक रास्ता। संवाद
कटान की चपेट में आए कालीमिट्टी-शिवराजपुर मार्ग को दुरुस्त करने की कवायद
संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर चौरासी। गंगा की बाढ़ में कटे कालीमिट्टी-शिवराजपुर मार्ग पर हल्के वाहनों के आवागमन के लिए लोकनिर्माण विभाग ने वैकल्पिक मार्ग का निर्माण शुरू करा दिया है। प्रयास किया जा रहा है कि सप्ताह भर में मार्ग बना दिया जाए। इसके बाद इसे हल्के वाहनों के लिए खोला जाएगा। कानपुर को सीधे जोड़ने वाला कालीमिट्टी-शिवराजपुर मार्ग एक माह पूर्व गंगा की बाढ़ से पुल के पास कट गया था। इससे वाहनों का आवागमन ठप हो गया था। इससे क्षेत्रीय लोगों को 40 से 50 किमी. का चक्कर लगाना पड़ रहा है।
पीडब्ल्यूडी ने लोगों की समस्या को देखते हुए कटान से तीन सौ मीटर पहले से मार्ग के पूरब में कच्ची मिट्टी का भरान कराकर वैकल्पिक मार्ग बनाने का काम शुरू कराया है। बाढ़ से मार्ग के करीब छह जगह कट जाने से साइड की पटरी को भी विभाग ठीक करा रहा है। इससे आमने-सामने से दो हल्के वाहन आसानी से निकल सकेंगे।
इंसेट-1
इन गांवों के लोगों को मिलेगा लाभ
वैकल्पिक मार्ग बनने से खैरागाड़ा, रुस्तमपुर, मन्नानगर, चिरंजूपुरवा, जयराजमऊ, पसनियाखेड़ा, सीतारामखेड़ा, परशुरामपुर, गड़ाई, दबौली बाजार, हिंदूपुर, खलकखेड़ा, सुब्बापुरवा, नयाबंगला, शहरिया सलेमपुर, कुशेहर बंगला आदि के लोगों को फायदा होगा। उन्हें 40 से 50 किमी. चक्कर काटने से निजात मिल जाएगी।
वर्जन...
डायवर्जन मार्ग बनाने का काम शुरू हो गया है। प्रयास किया जा रहा है कि एक सप्ताह में काम पूरा हो जाए। इसके बाद से क्षेत्रीय जनता को आने-जाने की सुविधा मिलने लगेगी। -सुबोध कुमार, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी निर्माणखंड।
पति सहित 12 ससुरालवालों पर दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट
सफीपुर। मोहल्ला उम्मेदाराय बाजार निवासी हनीफ ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि बेटी अरीना का विवाह 23 अप्रैल 2024 को लखनऊ के बंथरा थानाक्षेत्र के गांव सादुल्लापुर निवासी मो. इमरान से किया था। शादी के बाद से ही पति इमरान, जेठ सुल्तान, रेहान, सुफियान, अलाउद्दीन, शाहरुख, जेठानी सज्जो, मन्नो, नज्जो, नाजनी, रहनुमा और ननद नाजिया और दहेज मांगने लगे। मांग पूरी न होने पर अरीना को प्रताड़ित करने लगे। 23 सितंबर की रात ससुरालियों ने मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। एसओ एसएन त्रिपाठी ने बताया कि पति सहित 12 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। (संवाद)
छह ससुरालियों के खिलाफ दर्ज कराई मारपीट की रिपोर्ट
सफीपुर। कोतवाली के मोहल्ला सराय मुबारक अली निवासी राहत बेग ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि पत्नी से विवाद के बाद वह कस्बे के बाहर बाग में बैठा था। कुछ देर बाद पत्नी शबनम ने घर बुलाया, वहां पहले से मौजूद फतेहपुर चौरासी थानाक्षेत्र के गांव गढ़ी निवासी ससुर शरीफ, साला सोनू, मोनू, भोलू और सरहज सना पत्नी सोनू के साथ मिलकर मारपीट की। बचाने आई मां से भी बदसलूकी की। एसओ एसएन त्रिपाठी ने बताया कि छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
-
कंटेनर के दो पहिये चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रही पुलिस
अचलगंज। कंटेनर के दो पहिये चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए ट्रांसपोर्ट कंपनी का कर्मचारी चक्कर लगा रहा है। बताया कि पुलिस ने एफआईआर नहीं दर्ज की।
बरेली जिले के वरुणा लॉजिस्टिक प्राइवेट लिमिटेड नामक ट्रासंपोर्ट कंपनी के कर्मचारी अशोक यादव ने अचलगंज थाने में तहरीर दी। पुलिस को बताया कि थाना क्षेत्र के गहरा गांव के पास पेट्रोल पंप पर खड़े उसकी कंपनी के एक कंटेनर के 29 सितंबर को दो पहिये चोरी हो गए थे।
अशोक के मुताबिक एक महीने से कंटेनर गहरा में ही खड़ा था। पहले चालक का पता लगाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं मिला तो नौ अक्तूबर को थाने में तहरीर दी। तब से थाने के चक्कर लगा रहे हैं। एसओ राजेश पाठक ने बताया कि जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। (संवाद)
-
सुबह से दोपहर तक शहर में चौतरफा जाम, हजारों लोग परेशान
फोटो नंबर-19- कचहरी रोड पुल पर गिरा बिजली का पोल और कचहरी की सर्विस रोड पर लगा जाम। संवाद
फोटो नंबर-20- ट्रक खराब होने से हरदोई रोड पुल पर लगा जाम। संवाद
सुबह से दोपहर तक शहर में चौतरफा जाम, लोग हुए परेशान
-सुबह कचहरी पुल पर ट्रक में तार फंसने से टूटा बिजली का पोल, यातायात रुका
-यातायात के दबाव के बीच हरदोई रोड पुल पर खराब हुआ ट्रक, लगा लंबा जाम
सुबह पांच बजे से दोपहर एक बजे तक रेंगता रहा शहर का यातायात
संवाद न्यूज एजेंसी
उन्नाव। शहर के कचहरी पुल पर बिजली का खंभा गिरने मंगलवार की सुबह पांच बजे से दोपहर एक बजे तक केवल दो पहिया वाहनों का आवागमन हो सका। यातायात का दबाव बढ़ने से बड़ा चौराहा और कचहरी पुल पर कई बार जाम लगा। दोपहर 12 बजे हरदोई रोड पुल पर ट्रक खराब होने से लंबा जाम लगा। यातायात पुलिस ने मशक्कत कर ट्रक को किनारे कराया इसके बाद यातायात शुरू हुआ। उधर, पोल टूटने से रामपुरी मोहल्ला की बिजली आपूर्ति 12 घंटे ठप रही।
बिजली का खंभा टूटकर कचहरी पुल पर लटका
मंगलवार की सुबह करीब पांच बजे कचहरी पुल से निकले ओवरलोड ट्रक में बिजली का तार फंस गया। चौधरी मार्केट के सामने लगा खंभा टूटकर पुल पर लटकने से पुल का यातायात बाधित हो गया। हालांकि सुबह यातायात अधिक न होने से ज्यादा परेशानी नहीं हुई।
यातायात पुलिस ने बड़ा चौराहा और आंबेडकर पार्क के सामने बैरियर लगाकर तीन और चार पहिया वाहनों का पुल से आवागमन रोक दिया। सुबह नौ बजे कचहरी और सरकारी व गैर सरकारी कार्यालयों का समय होने से यातायात बढ़ा तो पुल के दोनों तरफ जाम लगने लगा। बिजली निगम के जेई मुकेश भारती पहुंचे और पोल को बदलने की कवायद शुरू की।
यातायात पुलिस ने दोपहर 12 बजे दो पहिया वाहनों के लिए रास्ता खोला तब कुछ राहत मिली। बिजली निगम के अधिकारियों ने पोल बदलने के लिए दो हाईड्रा मंगवाए, दोपहर तीन बजे पोल बदला गया। हालांकि तार डालने और लाइन चालू करने में शाम के पांच बज गए। इस दौरान रामपुरी मोहल्ला व आसपास क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित रही।
हरदोई पुल पर ट्रक खराब, यातायात बाधित
हरदोई पुल मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे पुल चढ़ने के दौरान प्रकाश गेस्ट हाउस के पास ही खराब हो गया। पुल के इंट्री प्वाइंट पर ट्रक खराब होने से दोनों तरफ वाहनों की लाइनें लगने लगीं। देखते ही देखते पुल जाम हो गया। करीब एक किमी तक वाहन ही वाहन नजर आने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने खराब ट्रक को सही कराने का प्रयास किया। साथ ही किनारे से रास्ता बनवाकर वाहनों को निकलवाने की कवायद शुरू की। यहां पर करीब 12 बजे से दो बजे जाम लगा रहा। जाम में फंसकर लोग बेहाल हो गए।
लोगों की शिकायत पर भी नहीं बदला पोल
कचहरी के सामने चौधरी मार्केट के पास लगे बिजली के कई खंभे जंग लगने से खराब हो चुके हैं। मंगलवार सुबह जो पोल टूटा वह कई महीने से झुका था। आसपास के दुकानदारों ने बिजली निगम के अधिकारियों को फोन कर शिकायत भी की थी। लोगों ने खतरे का अंदेशा जताते हुए फोटो और वीडियो भी शेयर किए थे लेकिन बिजली निगम नजरअंदाज किए रहा। जेई मुकेश भारती ने बताया कि मार्ग व्यस्त होने से खंभा बदलने में देर हुई।