पदयात्रा में हजारों लोग हुए शामिल, कई स्थानों पर फूल बरसाकर स्वागत
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर मंगलवार को दादरी विधानसभा क्षेत्र में विधायक तेजपाल नागर के नेतृत्व में यूनिटी मार्च निकाला गया। पदयात्रा के दौरान कई स्थानों पर लोगों ने फूल बरसाकर स्वागत किया। हजारों की संख्या में लोग इसमें शामिल हुए। पदयात्रा के दौरान विधायक नागर ने कहा कि यूनिटी मार्च एकता की भावना का प्रतीक है।
पदयात्रा बिसाहड़ा गांव में क्षेत्र पंचायत सदस्य अशोक के कार्यालय से शुरू होकर आम्रपाली स्कूल बंबावड़, राजतपुर पुल के पास ऑकिलपुर जागीर और ग्राम महावड़ से होती हुई गांधी इंटर कॉलेज, दुजाना स्थित जनसभा स्थल पर समाप्त हुई। कार्यक्रम में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति, भाजपा पश्चिम क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसोदिया, सांसद डॉ. महेश शर्मा और भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा मौजूद रहे।
जनसभा में तेजपाल नागर ने कहा कि सरदार पटेल ने अपने साहस और दृढ़ संकल्प से देश को एकता के सूत्र में बांधा। यूनिटी मार्च उसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास है। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और एकता संकल्प के साथ हुआ।