-ख्याला इलाके की घटना, टैक्सी बुक कर सुनसान जगह पर वारदात को दिया अंजाम
-पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे और तकनीकी जांच से दोनों की पहचान कर दबोचा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। ख्याला इलाके में सवारी बनकर बैठे नाबालिग भाइयों ने उबर टैक्सी चालक को लूट लिया। बदमाशों ने चाकू मारने की धमकी देकर पीड़ित चालक भगवान दास से उसका मोबाइल और अन्य दस्तावेज लूट लिए। इतना ही नहीं बदमाशों ने पीड़ित के भाई से अपने खाते में 41 हजार रुपये भी डलवाए। पुलिस ने तकनीकी जांच करते हुए आरोपियों की पहचान करने के बाद दोनों नाबालिग भाइयों को दबोच लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 36 हजार रुपये और अन्य सामान बरामद कर लिया।
पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त दरादे शरद भास्कर ने बताया कि 31 अक्तूबर को नांगलोई निवासी भगवान दास ने लूटपाट की शिकायत की। उसने बताया कि वह पेशे से उबर टैक्सी चालक है। वह अपनी वैगनआर कार चलाता है। रात करीब 12.18 बजे एनपी ब्लॉक चौक के पास से रोहिणी के लिए एक राइड रिक्वेस्ट मिली। वहां पहुंचने पर दो युवक कार में सवार हुए। दोनों उसे करनाल बाईपास की ओर ले गए और एक सुनसान जगह पर दोनों ने उसपर अचानक हमला कर दिया। बदमाश उसका मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड लूट लिया। फिर बदमाशों ने चाकू मारने की धमकी देकर उसके भाई से 41 हजार रुपये ऑनलाइन खाते में ट्रांसफर करवा लिए। फिर पीड़ित चालक को कुछ देर कार में घुमाने के बाद केशोपुर मंडी में छोड़कर भाग गए। पीड़ित की शिकायत पर ख्याला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आस पास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज कोे खंगाला। जिसके जरिए पुलिस ने दोनों भाइयों की पहचान कर ली। पुलिस ने इलाके से उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से पुलिस ने एक चाकू, कृपाण, 35,300 रुपये, आधार कार्ड, पैन कार्ड और एटीएम कार्ड बरामद कर लिया। जांच में पता चला कि पकड़े गए दोनों बदमाश नाबालिग और सगे भाई हैं। दोनों जींस की फैक्टरी में काम करते हैं। जल्द पैसा कमाने के लिए दोनों ने लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया।