दादरी। दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर दादरी आरओबी के नीचे बुधवार सुबह रेलवे लाइन पार कर रहीं देवरानी-जेठानी एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गई। दोनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों देवला स्थित निजी कंपनी में ड्यूटी पर जा रही थीं। मूल रूप से इटावा के बहादुरपुर निवासी हरनाम और उसका भाई नरेश परिवार के साथ दादरी के तुलसी विहार कॉलोनी में किराए पर रहते हैं। नरेश की पत्नी मुन्नी देवी (41) और हरनाम की पत्नी सर्वेश देवी (43) गत्ता बनाने वाली कंपनी में नौकरी करती थीं। बुधवार को रोज की तरह ड्यूटी जाने के लिए दोनों घर से पैदल एक साथ निकली थीं।
दादरी आरओबी के नीचे से रेलवे लाइन को पैदल पार करते वक्त मुन्नी देवी की साड़ी पटरी में फंस गई। इसी दौरान दिल्ली की तरफ से सियालदा एक्सप्रेस ट्रेन आ गई। मुन्नी देवी को निकालने के लिए सर्वेश देवी भी दौड़ पड़ी। इसी दौरान दोनों ट्रेन की चपेट में आ गई। घटना की सूचना पाकर पुलिस पहुंच गई। शिनाख्त के बाद परिजनों को सूचना दी गई। करीब तीन साल से दोनों एक साथ ड्यूटी पर जाती थीं। जीआरपी उपनिरीक्षक का कहना है कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
फुट ओवरब्रिज का कम प्रयोग करते हैं लोग
दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर दादरी रेलवे ओवर बिज्र (आरओबी) के दोनों ओर दो फुट ओवरब्रिज (एफओबी) हैं। इसके बाद भी लोग एफओबी का कम प्रयोग कर रहा है। अधिकांश लोग रेलवे लाइन को पार करते हैं। बुधवार को दोनों महिलाएं भी वहीं से निकल रही थीं और ट्रेन की चपेट में आकर जान गवां बैठीं। रेलवे लाइन पार करने के दौरान हादसे के कारण आरपीएफ लोगों के खिलाफ कार्रवाई करती रहती हैं। इसके बाद भी लोग जान जोखिम में डालते हैं।
आत्महत्या के लिए उकसाने पर पति गिरफ्तार
सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने पत्नी को आत्महत्या के लिए उकसाने पर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, कस्बा निवासी मीना का पति बंटी से 29 अगस्त की रात विवाद हुआ था। इसके बाद मीना ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी। सोमवार सुबह मीना के पिता ने पति बंटी पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि महिला के पिता वीरचरण की शिकायत पर मृतका के पति बंटी, जेठ दिनेश, देवर राजू और सचिन और सास प्रेमवती के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। पति बंटी को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।