आलापुर (अंबेडकरनगर)। आलापुर इलाके में निरीक्षण भवन के पास शुक्रवार शाम आजमगढ़ बरात में शामिल होने जा रहे बाइक सवार मोनू (24) व राजकुमार (25) को ट्रक ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से जख्मी युवकों को जिला पंचायत अध्यक्ष साधु वर्मा व पुलिस के सहयोग से एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद गांव में मातम पसर गया है।
आलापुर के हथिनापुर निवासी सदानंद की शादी शुक्रवार को थी। बरात आजमगढ़ के महाराजगंज इलाके के समधीपुर गई हुई थी। सदानंद का चचेरा भाई मोनू गांव के ही राजकुमार के साथ बाइक से शाम को बरात में शामिल होने के लिए बाइक से निकले थे। हादसे के समय बाइक मोनू चला रहे थे। दोनों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। मध्य प्रदेश के सतना की ओर लौट रहे ट्रक की सामने से टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सहित हवा में उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे और सिर पर चोट लगने की वजह से मौत हो गई। इंस्पेक्टर अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।