ग्रेटर नोएडा। जिले में पहुंचे दो ट्रेनी पीसीएस अफसर कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। सोमवार को दोनों कलेक्ट्रेट में ज्वाइनिंग करने पहुंचे थे। वहां लक्षण दिखने के बाद दोनों का कोविड टेस्ट कराया गया। रिपोर्ट पॉजिटिव के बाद कलेक्ट्रेट के अधिकारियों और कर्मचारियों में खलबली मच गई। कुछ कर्मचारियों ने खुद को होम आइसोलेट कर लिया है। वहीं, डिप्टी कलेक्टर राजीव राय भी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं।
प्रदेश सरकार ने वर्ष 2018 बैच के पीसीएस अंकित कुमार वर्मा और कोमल पवार को जिले में ट्रेनिंग के लिए भेजा था। यह इनकी पहली नियुक्ति है। सोमवार को दोनों कलेक्ट्रेट में पहुंचे। वहां उन्होंने ज्वाइनिंग करने के बाद डीएम, एडीएम, एसडीएम समेत कई अन्य अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान दोनों में कोविड के लक्षण दिखे। इस पर दोनों का कोविड टेस्ट कराया गया। शाम को दोनों अफसर की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई। दोनों का इलाज शुरू कराया गया है। इधर, डिप्टी कलेक्टर राजीव राय भी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। वे इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम के प्रभारी भी थे। उनकी जगह अब डिप्टी कलेक्टर गुंजा सिंह को प्रभारी बनाया गया है। राजीव राय पिछले साल भी संक्रमित हुए थे।