एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार ने बताया कि शनिवार को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर सेक्टर-148 मेट्रो स्टेशन के आगे पिलर संख्या-659 के पास से विजय उर्फ नीटू निवासी दादूपुर और मिथुन निवासी बुलंदशहर को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर दिल्ली के द्वारका क्षेत्र से मोबाइल फोन चोरी किए थे।
इस संबंध में थाना सेक्टर-23 द्वारका दिल्ली में पहले से प्राथमिकी दर्ज है। आरोपी चोरी के मोबाइल फोन को ठिकाने लगाने की फिराक में थे। लेकिन उससे पहले ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत लगभग डेढ़ करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विजय उर्फ नीटू के विरुद्ध हापुड़ जिले के पिलखुआ थाने में दुष्कर्म, आपराधिक षड्यंत्र, धमकी और पॉक्सो एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज है। गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
गिरोह के तीन सदस्य पूर्व में हो चुके हैं गिरफ्तार
21 जून को भी नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस ने इसी गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 100 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए थे। जिनकी कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई थी।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। जांच के दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के मोबाइल फोन की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि चोरी के मोबाइल किन राज्यों और बाजारों में खपाए जाते थे।