नोएडा। कोरोना कर्फ्यू के दौरान फेज-2 कोतवाली क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर एक युवक समेत दो लोगों की हत्या कर दी गई। सेक्टर-70 में किराए पर रहने वाले युवक उज्जवल का तार से गला घोटा गया वहीं 50 वर्षीय संतराम के चेहरे पर ईंट से हमला किया गया था। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। दोनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के मुताबिक ककराला गांव में परिवार के साथ रहने वाले संतराम शराब पीने के आदी थे। शुक्रवार रात वे घर पर थे और पत्नी बाहर थी। तभी कुछ लोग वहां आए और उनकी पत्नी पर हमला कर दिया। पत्नी के बेहोश होने के बाद आरोपी घर में घुसे और संतराम पर ईंट से हमला कर चेहरे और सिर को कुचल दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस मृतक की पत्नी से आरोपियों के बारे में पूछताछ कर रही है। मृतक के भाई लालू की तहरीर पर अज्ञात हत्यारों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
दूसरी घटना में शनिवार सुबह पुलिस को सेक्टर-80 के नाले में शव पड़ा होने की सूचना मिली। मृतक की पहचान उज्जवल उर्फ अनिल के रूप में हुई। मूल रूप से महाराष्ट्र निवासी उज्जवल सेक्टर-80 स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट में काम करता था और सेक्टर-70 में किराए पर गेस्ट हाउस में रहता था। पुलिस के अनुसार युवक की गला घोटकर हत्या की गई है। सिर पर भी चोट के निशान हैं। ट्रीटमेंट प्लांट के अधिकारी की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस को संदेह है कि किसी कर्मचारियों द्वारा भी किसी बात पर हत्या की जा सकती है। इसके अलावा गेस्ट हाउस में हत्या कर शव नाले में फेंके जाने की आशंका भी जताई है।
चोरी की साइकिलों संग दो नाबालिग पकड़े
नोएडा। सेक्टर-24 पुलिस ने शुक्रवार रात चोरी की दो महंगी साइकिलों के साथ दो नाबालिगों को पकड़ा है। पुलिस के अनुसार सेक्टर-23 निवासी एक व्यक्ति के घर के बाहर से दो साइकिल चोरी हो गई थीं। दोनों नाबालिगों से साइकिलें बरामद हुई हैं। ब्यूरो