बिलसंडा। करेली और बिलसंडा थाना क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग हादसों में वृद्ध समेत दो लोगों की मौत हो गई। बमरोली रोड पर गैस एजेंसी के समीप एक अज्ञात वाहन ने वृद्ध को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वृद्ध की मौके पर जान चली गई। इसके अलावा एक अन्य हादसे में अनियंत्रित वैन पेड़ से टकरा गई। हादसे में चालक की मौत हो गई।
नगर के शाखा मैदान निवासी इमामी ने बताया कि उनके बड़े भाई फिदाहुसैन (60) बमरोली रोड पर स्थित एक आढ़त पर कार्य करते थे। उन्होंने बताया कि सोमवार की सुबह वो आढ़त गए और देर शाम पैदल वापस घर आ रहे थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उनको टक्कर मार दी। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
राहगीरों की सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मौके पर एक बाइक भी पड़ी मिली। बाइक से हादसा होने की आंशका परिजनों ने जाहिर की है।
जिला शाहजहांपुर के थाना बंडा के गांव मकसूदापुर निवासी राहुल (28) सुबह घर से बीसलपुर को किसी कार्य से गए हुए थे। उनके साथ उनके साथी रामवीर भी थे। दोनों बीसलपुर से कामकाज निपटाकर बमरौली के लिए जा रहे थे। इसी दौरान ईंटगांव-बमरोली मार्ग पर लिलहर मोड़ से आगे उनकी वैन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। पेड़ से टकराने पर चालक राहुल की मौत हो गई और उनके साथी रामवीर घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थानाध्यक्ष सिद्धांत शर्मा ने बताया कि वाहन की तलाश की जा रही है। फिलहाल अभी मृतक के परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।