शाहदरा जिला पुलिस ने आठ वाहन, छह इंजन और टेंपो बरामद किए
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
शाहदरा जिला स्पेशल स्टाफ ने चोरी के वाहनों को खरीदकर कलपुर्जे बेचने वाले कबाड़ी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के आठ वाहन, 6 इंजन और टेंपो बरामद किया है।
जिला पुलिस उपायुक्त प्रशांत गौतम ने बताया कि 24 सितंबर को टीम को टेंपो में चोरी के वाहनों को ले जाने की जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने कांति नगर लालबत्ती के पास घेराबंदी कर टेंपो को रोका। जांच में दो स्कूटी और एक बाइक मिली। चोरी के संदेह पर पुलिस ने चालक सुल्तानपुरी निवासी सुरेश को दबोच लिया। पूछताछ में सुरेश ने बताया कि बुध विहार फेज-3 में एक गोदाम है जिसमें चोरी के और वाहन रखे हुए हैं। इसके बाद पुलिस ने छापा मारकर गोदाम मालिक बुध विहार निवासी रवि कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को यहां से बाइक, छह इंजन व चेसिस नंबरों से छेड़छाड़ में इस्तेमाल ग्राइंडर मिला। पूछताछ में रवि ने बुध विहार के एक और गोदाम की जानकारी दी। पुलिस यहां से भी एक बाइक बरामद कर ली। रवि कुमार ने बताया कि उसका कबाड़ का कारोबार है। 24 सितंबर को उसने अपने टेंपो चालक सुरेश को कड़कड़डूमा कोर्ट के पास एमसीडी पार्किंग के बाहर से तीन दोपहिया लाने के लिए कहा था। सुमित से दस हजार रुपये में उसने वाहन खरीदे थे। इन वाहनों को तोड़ने के बाद कलपुर्जों को कबाड़ में बेच देता है। पुलिस सुमित के बारे में जानकारी जुटा रही है।