कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि घटना थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र की एल्डिको सोसायटी की है। मृतकों की पहचान शशिकांत शर्मा (40) पुत्र ओमप्रकाश शर्मा निवासी गांव गड़मुरा जिला करौली (राजस्थान) और आकाश (22) पुत्र भगवान सिंह निवासी गांव इटहारी जिला फिरोजाबाद के रूप में हुई है।
शशिकांत एसटीपी टैंक की सफाई करने के लिए नीचे उतरे थे। इसी दौरान टैंक के भीतर मौजूद जहरीली गैस के कारण वह बेहोश हो गए। जब काफी देर तक उनकी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उन्हें बचाने के लिए सिक्योरिटी गार्ड आकाश टैंक में उतरा, लेकिन वह भी जहरीली गैस की चपेट में आकर अचेत हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना नॉलेज पार्क पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों को टैंक से बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि उपचार के दौरान डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि एसटीपी टैंक की सफाई के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं तथा आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे या नहीं। हादसे के बाद सोसायटी में शोक का माहौल है।