पत्थर से एटीएम तोड़कर रुपये निकाले, दो गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर पुलिस चौकी के पास स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम को पत्थर से तोड़कर बदमाशों ने रुपये निकाल लिए। तभी किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक आरोपी को मौके से और दूसरे को दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। घटना के समय एटीएम बूथ पर कोई सुरक्षाकर्मी तैनात नहीं था। बैंक की ओर से भी पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।
पुलिस के मुताबिक, घटना बृहस्पतिवार सुबह चार बजे की है। एटीएम बूथ में घुसे दो बदमाशों ने मशीन को पत्थर से तोड़ने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि बदमाश मशीन से नौ हजार रुपये निकालने में कामयाब रहे। इसी दौरान किसी ने यूपी-100 को इसकी सूचना दे दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन उसका साथी वहां से भाग निकले। पकड़े गए बदमाश से पूछताछ के बाद पुलिस ने मौके से नोट लेकर भागे बदमाश को भी कपड़ लिया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने इससे पहले भी इस प्रकार की वारदात को अंजाम दिया है। जानकारी के अनुसार आरोपियों ने एटीएम से नौ हजार रुपये निकाल लिए थे। हालांकि बैंक अधिकारियों की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। उनकी तहरीर पर ही स्पष्ट होगा कि एटीएम में कुल कितने रुपये थे और कितने बदमाश निकालने मेें कामयाब हुए। इस मामले में एटीएम में सुरक्षाकर्मी की तैनाती नहीं होने और अलार्म नहीं बजने से बैंक अधिकारियों की लापरवाही उजागर हुई है।
एटीएम मशीन तोड़ने की सूचना पर तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से नौ हजार रुपये बरामद हुए हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है।
- तनु उपाध्याय, सीओ ग्रेटर नोएडा प्रथम