-बिसरख कोतवाली पुलिस ने ग्रेनो वेस्ट में मुठभेड़ के बाद दोनों बदमाशों को किया गिरफ्तार
-गिरोह के सदस्य एनसीआर में लूट व चोरी की वारदात को देते है अंजाम, एक कार बरामद
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बिसरख कोतवाली पुलिस ने शनिवार सुबह मुठभेड़ के बाद कार सवार दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है। आरोपियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनकी पहचान अतुल निवासी भीमनगर रिपब्लिक क्राॅसिंग गाजियाबाद और बादल निवासी कमला हाल रिपब्लिक क्राॅसिंग गाजियाबाद के रूप में हुई है। जांच में पता चला है कि दोनों बदमाश एनसीआर में लूट व चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के सदस्य हैं। आरोपी मोबाइल टावरों से आरआरयू यूनिट चोरी करते थे। बदमाशों के पास से करीब 15 लाख कीमत की 4 आरआरयू यूनिट व कार बरामद की है।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि शनिवार सुबह ग्रेनो वेस्ट के एसकेएस तिराहे पर बिसरख कोतवाली पुलिस चेकिंग कर रही थी। तभी एक कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन पुलिस को देखकर कार सवार युवकों ने रफ्तार तेज कर दी। पीछा करने पर कार सवार बदमाशों ने पुलिस पर गोली चला दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। पुलिस की कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है। बदमाशों के पास से कार के साथ मोबाइल टावर के चार आरआरयू यूनिट बरामद की है। जिनकी कीमत करीब 15 लाख रुपये है। डीसीपी ने बताया कि दोनों बदमाश अंतर्राज्यीय गिरोह के सदस्य हैं। एनसीआर में लूट और चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। अतुल दो साल से बिसरख कोतवाली में चोरी के एक मुकदमें में फरार चल रहा था। एनसीआर के विभिन्न थानों में अतुल पर 12 और बादल पर 18 मुकदमें दर्ज हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।